
अमरोहा: जिले में एक दावत के दौरान खाना खाने के बाद 50 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ गई। घटना आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव शेरगढ़ की है, जहां भात न्योतने के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे लोगों की अचानक तबीयत खराब हो गई। एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने से गांव में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी रोहताश प्रजापति के घर भात न्योतने का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें बड़ी संख्या में रिश्तेदार और ग्रामीण शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने दावत का खाना खाया। इसके कुछ समय बाद ही कई लोगों को उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी।
धीरे-धीरे बीमार होने वालों की संख्या बढ़कर 50 से अधिक हो गई। अचानक लोगों की तबीयत बिगड़ने से कार्यक्रम में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आनन-फानन में बीमार लोगों को संभल और आदमपुर के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।
एक साथ इतने लोगों के बीमार पड़ने से गांव में दहशत का माहौल है। फिलहाल दावत में परोसे गए खाने को लेकर मामला चर्चा में है। खाने से संक्रमण या फूड पॉइजनिंग की आशंका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।









