
बीजेपी ने उत्तराखंड के नए प्रदेश अध्यक्ष का एलान कर दिया है। महेंद्र भट्ट को उत्तराखंड बीजेपी का नया अध्यक्ष बनाया गया है। उत्तराखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष का कार्यकाल खत्म होने के बाद नए अध्यक्ष को लेकर कयासों का दौर अब खत्म हो गया है और महेंद्र भट्ट को उत्तराखंड बीजेपी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
महेंद्र भट्ट ने 1991 से 1996 तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में प्रदेश सह मंत्री, जिला संयोजक, जिला संगठन मंत्री, विभाग संगठन मंत्री का दायित्व संभाला, उसको बाद 1997 में भाजपा युवामोर्चा के प्रदेश सह मंत्री बने और 1998 से 2000 में उत्तरांचल युवामोर्चा में प्रदेश महामंत्री का दायित्व संभाला।
प्रदेश महामंत्री के बाद महेंद्र भट्ट ने 2000 से 2002 में राज्य निर्माण के समय उत्तरांचल प्रदेश युवामोर्चा का प्रथम प्रदेश अध्यक्ष पद संभाला और उसके बाद 32 साल की उम्र में 2002 से 2007 तक उत्तराखंड की प्रथम निर्वाचन में 39 नंदप्रयाग विधानसभा से सदस्य निर्वाचित हुए और विधानमंडल में मुख्यसचेतक का दायित्व संभाला।
महेंद्र भट्ट 2007 से 2010 तक प्रदेश भाजपा में विभिन्न दायित्व, प्रदेश मंत्री, गढ़वाल संयोजक व प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य रहे और उसके बाद 2010 से 2012 तक राज्यमंत्री का दायित्व संभाला। 2012 से 2014 तक दोबारा उत्तराखंड भाजपा के गढ़वाल प्रभारी रहे और 2014 में विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज कर 2014 से 2017 तक दोबारा भाजपा मं प्रदेश मंत्री रहे। 2017 के विधानसभा चुनाव में महेंद्र भट्ट बदरीनाथ विधानसभा से सदस्य निर्वाचित हुए।









