
इटावा. मैनपुरी उपचुनाव में सपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। मैनपुरी उपचुनाव को लेकर इटावा के जसवंतनगर सम्मेलन में अखिलेश यादव, शिवपाल यादव और रामगोपाल यादव एक साथ मंच पर नजर आए। शिवपाल यादव के बाद अखिलेश यादव ने भी सपा कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान अखिलेश यादव ने डिंपल यादव को जिताने की अपील की और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर निशाना साधा।

सपा कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने जसवंतनगर से विधायक शिवपाल यादव का धन्यवाद किया। अखिलेश यादव ने कहा इनकी वजह से आज मैं लोगों से मिल पाया। पूरा देश जानता है कि जसवंत नगर क्या है। अखिलेश ने कहा जो अपना रिकॉर्ड तोड़ दे उसे जसवंत नगर कहते हैं।
अखिलेश यादव ने कहा यहां के लोगों ने नेताजी का हमेशा साथ दिया। नेताजी की समाजवादी विरासत को आगे बढ़ाना है। यहां के बुजुर्ग लोग कदम से कदम मिलाकर चले हैं। सम्मेलन में सपा समर्थकों और लोगों का भारी हुजूम उमड़ा था। आपको बता दें कि मैनपुरी की लोकसभा उपचुनाव सीट पर सपा प्रत्याशी डिंपल यादव और बीजेपी प्रत्याशी रघुराज शाक्य में सीधी लड़ाई है।









