
मुबंई; ‘द केरल स्टोरी’ फिल्म पर नेता तमाम प्रकार की प्रतिक्रिया दे रहे हैं. भाजपा जहां फिल्म की स्टोरी को सही बता रही है वहीं विपक्षी दल फिल्म के पीछे बीजेपी की रणनीति होने का दावा कर रहे हैं. इसी क्रम में उद्धव ठाकरे गुट के नेता संजय राउत ने फिल्म को लेकर भाजपा पर बड़ा निशाना साधा है. उन्होंने ने कहा कि यह भाजपा के प्रचार का एक जरिया होता है. जब चुनाव आते हैं तो इस प्रकार की फिल्में बनाओं और हिंदू-मुसलमान एक अहम मुद्दा होता है, इसके बिना बीजेपी चुनाव में नहीं जा सकती.
आप को बता दें कि पीएम मोदी ने कर्नाटक में चुनाव प्रचार के दौरान ‘द केरल स्टोरी’ फिल्म के जरिए कांग्रेस पर निशाना साधा था. उन्होंने कहा था कि केरला स्टोरी सिर्फ एक राज्य में हुई आतंकी साजिशों पर आधारित है. देश का इतना खूबसूरत राज्य, जहां के लोग इतने परिश्रमी और प्रतिभाशाली होते हैं, उस केरला में चल रही आतंकी साजिश का खुलासा इस फिल्म में किया गया है.
पीएम मोदी ने कहा, बम-बंदूक और पिस्तौल की आवाज तो सुनाई देती है, लेकिन समाज को भीतर से खोखला करने की आतंकी साजिश की कोई आवाज नहीं होती. कोर्ट तक ने आतंक के इस स्वरुप पर चिंता जताई है.
प्रधानमंत्री ने कहा, देश का दुर्भाग्य देखिए कि कांग्रेस आज समाज को तहस-नहस करने वाली इस आतंकी प्रवृत्ति के साथ खड़ी नजर आ रही है. इतना ही नहीं, ऐसी आतंकी प्रवृत्ति वालों से कांग्रेस, पिछले दरवाजे से राजनीतिक सौदेबाजी तक कर रही है. कर्नाटक के लोगों को इसलिए कांग्रेस से सावधान रहने की जरूरत है. ये लोग फिल्म पर रोक लगाने की कोशिश कर रहे हैं. जब मैं कांग्रेस को ऐसा करते देखता हूं तो मुझे आश्चर्य होता है.









