
वाराणसी; मणिपुर में हिंसा के बीच दो महिलाओं के साथ बर्बरता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो वायरल होने के बाद देशभर में आक्रोश का माहौल है। एक तरफ जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना की निंदा की है, तो वहीं दूसरी तरफ घटना को लेकर विपक्ष ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला दिया है। पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में महिला कांग्रेस ने मणिपुर में हुए महिलाओं के साथ बर्बरता के खिलाफ प्रदर्शन कर सरकार से चुप्पी तोड़ने और महिलाओं को न्याय दिलाने की मांग किया।
महिला कांग्रेस ने बीजेपी सरकार को ठहराया घटना का जिम्मेदार…
वाराणसी महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने महिलाओं को नग्न कर दुष्कर्म किए जाने पर आक्रोश व्यक्त किया। वाराणसी के मैदागिन चौराहे पर राजीव प्रतिमा पर पहुंचीं महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने घटना के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। घटना पर आक्रोश व्यक्त करते हुए कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि मणिपुर में पिछले 2 महीने से अधिक समय से हिंसा हो रही है, लेकिन सरकार हिंसा को रोकने में नाकाम है। यदि केंद्र सरकार हिंसा को शांत करवा देती तो मणिपुर में ऐसी बर्बरता वाली घटना नहीं होती।
महिला कांग्रेस ने दिया सरकार को चेतावनी, देशभर में महिला कांग्रेस करेगी प्रदर्शन
वाराणसी में महिला कांग्रेस ने मणिपुर की घटना को लेकर मांग किया कि घटना में जो भी दोषी हो उसे कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। महिला कांग्रेस ने इस पूरी घटना पर केंद्र सरकार से चुप्पी तोड़ते हुए जवाब देने की मांग किया और चेतावनी दिया कि यदि पीड़ित महिलाओं को न्याय नहीं मिला, तो आने वाले समय में महिला कांग्रेस पूरे देश में सड़क पर उतर प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगी।
रिपोर्ट : नीरज कुमार जायसवाल, वाराणसी









