
लखनऊ: ग्यारहवीं कक्षा की छात्रा द्वारा कथित आत्महत्या के मामले में आज़मगढ़ के एक निजी स्कूल के प्रिंसिपल और एक शिक्षक की गिरफ्तारी के विरोध में यूपी के सभी निजी स्कूल (सीबीएसई, आईसीएसई और यूपी बोर्ड) मंगलवार को बंद रहेंगे। यह निर्णय शनिवार को अनएडेड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन (यूपीएसए) और एसोसिएशन ऑफ प्राइवेट स्कूल्स, यूपी की बैठक में लिया गया।
आपको बता दें कि 17 वर्षीय छात्रा द्वारा कथित तौर पर स्कूल की इमारत की तीसरी मंजिल से छलांग लगाने के बाद एक निजी स्कूल के प्रिंसिपल और शिक्षक पर हत्या के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने कहा कि मृतक छात्रा के परिजनों ने आरोप लगाया कि प्रिंसिपल और शिक्षक द्वारा “लगातार उत्पीड़न” से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।
एसोसिएशन ने एक प्रेस विज्ञप्ति में दावा किया कि यह प्रतीकात्मक विरोध मामले की उचित जांच की मांग करता है और यदि संबंधित व्यक्ति दोषी पाए जाते हैं, तो कार्रवाई की जानी चाहिए। लेकिन अगर छात्र ने कोई गलत कदम उठाया है तो उसकी भी पूरी जांच होनी चाहिए। स्कूल अधिकारियों ने कहा कि मृत छात्र के पास से एक सेल फोन बरामद किया गया है जो उसके माता-पिता ने दिया था। “माता-पिता कुछ भी सुनने को तैयार नहीं हैं, जरा-जरा सी बात पर एफआईआर कराने की धमकी देते हैं। यदि कोई छात्र कोई गलत कदम उठाता है, तो पूरा दोष स्कूल प्रबंधन या प्रिंसिपल या शिक्षक पर आता है।









