
रिपोर्ट : नीरज कुमार जायसवाल , वाराणसी
वाराणसी. जनपद के सर्व सेवा संघ आश्रम को रेलवे के द्वारा अधिग्रहण किए जाने को लेकर प्रतिरोध सभा का आयोजन किया गया. प्रतिरोध सभा में किसान नेता राकेश टिकैत के साथ समाजसेवी प्रशांत कुमार, स्वराज इंडिया से योगेंद्र यादव सहित तमाम समाज सेवी शामिल हुए. वाराणसी के शास्त्री घाट पर आयोजित प्रतिरोध सभा में सभी ने एक स्वर में रेलवे के द्वारा सर्व सेवा संघ आश्रम के अधिग्रहण की निंदा करते हुए बीजेपी सरकार पर जुबानी हमला बोला. राकेश टिकट चेतावनी देते हुए कहा कि यह जरूरी नहीं है कि हमारे ट्रैक्टर सिर्फ दिल्ली की ओर जाएं वह बनारस की ओर भी जरूरत पड़ने पर मुड़ सकती है.

देश में संविधान बचाना है, तो आंदोलन में आना पड़ेगा : राकेश टिकट
सर्व सेवा संघ आश्रम के अधिग्रहण के बहाने सरकार पर हमला करते हुए राकेश टिकट ने सरकार की नीतियों की जमकर आलोचना की. अपने संबोधन में राकेश टिकैत ने कहा कि सत्ता में बैठे लोग धरोहर और विरासत शब्द का मतलब नहीं जानते हैं. खुद को हिंदू बोलने वाले, हिंदू शब्द का मतलब नहीं जानते हैं. बीजेपी और आरएसएस पर तंज करते हुए राकेश टिकैत ने कहा कि अब यह साफ हो गया है कि नागपुरी हिंदू अलग है और देश का हिंदू अलग है. वही चेतावनी देते हुए कहा कि आने वाले सर्दियों में एक बार फिर सड़क को गर्म करना होगा. यह जरूरी नहीं है कि हमारी ट्रैक्टर सिर्फ दिल्ली की ओर ही जाएं, जरूरत पड़ने पर उसे वाराणसी की तरफ भी मोड़ लाएंगे.

देश में एक और सत्याग्रह की जरूरत, गांधी की विरासत को समाप्त कर रही सरकार : योगेंद्र यादव
प्रतिरोध सभा में सर्व सेवा संघ आश्रम की जमीन को अधिग्रहण किए जाने को लेकर योगेंद्र यादव ने सरकार की खूब आलोचना की. योगेंद्र यादव सहित तमाम समाजसेवियों ने देश में एक और सत्याग्रह किए जाने की बात कही. योगेंद्र यादव ने कहा कि मौजूदा सरकार गांधी, नेहरू, लालबहादुर शास्त्री सहित तमाम स्वतंत्रता सेनानियों के विरासत को समाप्त करने में जुटी हुई है. योगेंद्र यादव ने कहा कि जिस प्रकार सर्व सेवा संघ के आश्रम की जमीन को अधिग्रहित किया गया वह पूरी तरह से गैर कानूनी है और इसके खिलाफ हम बड़ा आंदोलन करेंगे.









