
रिपोर्ट : नीरज कुमार जायसवाल
वाराणसी : भारत की अध्यक्षता में जी-20 के आयोजन के क्रम में भारतीय डाक विभाग ने ‘संस्कृति कार्य समूह’ पर एक डाक टिकट जारी किया। वाराणसी में चल रहे जी- 20 कल्चर मिनिस्टर्स मीटिंग के दौरान इसे जारी किया गया। वाराणसी परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी को डाक टिकटों का प्रथम सेट भेंट किया। केन्द्रीय संस्कृति एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल, केंद्रीय विदेश एवं संस्कृति राज्य मंत्री श्रीमती मीनाक्षी लेखी, संस्कृति मंत्रालय के सचिव श्री गोविन्द मोहन, पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के महानिदेशक श्री किशोर के. बासा सहित विभिन्न देशों के संस्कृति मंत्री और प्रतिनिधियों की उपस्थिति में यह डाक टिकट जारी हुआ।

डाक टिकट किसी भी राष्ट्र की संस्कृति और विरासत को जोड़ने का करता है काम : केंद्रीय पर्यटन मंत्री
वाराणसी में भारतीय डाक विभाग के द्वारा जारी किए गए डाक टिकट को लेकर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जी. किशन रेड्डी ने डाक विभाग ने जारी हुए डाक टिकट की सराहना किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि “टिकट किसी भी राष्ट्र की संस्कृति और विरासत को अन्य देशों से जोड़कर सांस्कृतिक आदान-प्रदान की सुविधा प्रदान करता है और सांस्कृतिक संदर्भ स्थापित करता है। एक प्रतिष्ठित सांस्कृतिक प्रतीक के रूप में संस्कृति कार्य समूह पर जारी यह डाक टिकट हमारी सांस्कृतिक भावना को मजबूत करने के साथ वैश्विक संबंधों को एक डोर में बाँधने का प्रयास है”।

5 हजार शीट्स में 60 हजार डाक टिकट को किया गया मुद्रित
डाक टिकट को लेकर वाराणसी परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि यह कस्टमाइज़्ड माई स्टैम्प,अपने सुविचारित – सुरुचिपूर्ण डिजाइन और प्रतीकात्मकता के माध्यम से सहयोग और परस्पर सम्मान की भावना को बढ़ाने की दिशा में संस्कृति के महत्त्व को रेखांकित करता है। ‘सकल एकता की सूत्र है संस्कृति’ (‘कल्चर यूनाइट्स आल’) थीम पर आधारित इस माई स्टैंप की 5 हजार शीट्स मुद्रित की गयीं हैं जिनमें 60 हजार डाक टिकट उपलब्ध हैं। इस टिकट को ‘कल्चर यूनाइट्स आल’ माई स्टैम्प को एक विशिष्ट प्रतीक के रूप में तैयार किया गया है। इसमें बायीं ओर टेराकोटा पृष्ठभूमि में सफेद रंग में वर्ली कला की मूर्तियाँ हैं, जिसमें एक वृत्त में हाथ मिलाती हुई मुद्रा में संयुक्त आकृतियाँ हैं, जो शक्ति और अंतर्संयोजनात्मकता का संकेत देती हैं। दाईं ओर, नीले रंग की वृत्ताकार पृष्ठिभूमि पर सफेद रंग का भंवर चक्र अंकित है, जो रिड्यूस, रियूज और रिसाइकिल की पारिस्थितिक केन्द्रित अवधारणा को दर्शाता है। वस्तुत: यह डिज़ाइन सभी के लिए स्वच्छ और हरित भविष्य हेतु ‘जीवन के लिए संस्कृति’ (पर्यावरण अनुकूल जीवन शैली) के विचार को प्रदर्शित करता है।









