Haldwani Riots: रामनगर में भी धारा 144 लागू, पुलिस ने किया फ्लैग मार्च

एसडीएम ने बताया कि नगर में सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ एकत्रित करना तथा भड़काऊ भाषण बाजी व भ्रामक प्रचार प्रसार करना इस धारा का उल्लंघन होगा।

Haldwani Riots: उत्तराखंड के हल्द्वानी में गुरुवार को प्रशासन व पुलिस की टीम पर बनभूलपुरा क्षेत्र में नगर निगम की जमीन से अतिक्रमण हटाने के दौरान दंगाइयों द्वारा पथराव करने के साथ ही आगजनी किया गया था। हल्द्वानी घटना को गंभीरता से लेते हुए रामनगर में भी प्रशासन ने शुक्रवार को धारा 144 लगाते हुए नगर में पुलिस का फ्लैग मार्च निकाला।

सभी स्कूल बंद

इस संबंध में जानकारी देते हुए एसडीएम राहुल शाह ने बताया कि हल्द्वानी में हुई घटना बेहद गंभीर है। जिसको लेकर रामनगर में आज धारा 144 अग्रिम आदेशों तक लगा दी गई है। एसडीएम के द्वारा दिए गए आदेश के बाद नगर के सभी सरकारी व प्राइवेट स्कूल भी बंद कर दिए गए है। एसडीएम ने बताया कि नगर में सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ एकत्रित करना तथा भड़काऊ भाषण बाजी व भ्रामक प्रचार प्रसार करना इस धारा का उल्लंघन होगा।

उन्होंने कहा कि जो भी इसका उल्लंघन करेगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी भी असामाजिक तत्व द्वारा शहर का माहौल खराब करने की कोशिश की गई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शहर की जनता से शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही भ्रामक प्रचार व झूठी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की। उन्होंने कहा कि रामनगर में पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फ्लैग मार्च में एसडीएम के साथ तहसीलदार कुलदीप पांडे, पुलिस क्षेत्राधिकार भूपेंद्र सिंह भंडारी, कोतवाल अरुण कुमार सैनी सहित कई लोग मौजूद रहे।

रिपोर्टर-अमित बेलवाल  

Related Articles

Back to top button