
डेस्क : महाराष्ट्र की बारामती लोकसभा सीट जो कि शरद पवार का गृह क्षेत्र है। यहां पर चुनावी लड़ाई हाई प्रोफाइल होने वाली है। इस सीट से एनसीपी (अजित गुट) ने शनिवार को महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार को मैदान में उतारा है इनका मुकाबला शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले से होगा। रिश्ते में सुनेत्रा पवार सुप्रिया सुले की भाभी लगती हैं।
बारामती सीट से टिकट मिलने के बाद 60 साल की सुनेत्रा पवार ने कहा कि ये उनके लिए भाग्यशाली दिन है। सुनेत्रा पवार ने कहा, “मुझे चुनाव लड़ने में सक्षम समझने के लिए मैं नरेंद्र मोदीजी, अमित शाह और महायुति (शिवसेना, बीजेपी और एनसीपी) के सभी नेताओं को धन्यवाद देती हूं।”
उनकी उम्मीदवारी की घोषणा महाराष्ट्र एनसीपी के अध्यक्ष सुनील तटकरे ने की, जिसके कुछ घंटों बाद एनसीपी (शरदचंद्र पवार) ने महाराष्ट्र से लोकसभा चुनाव के लिए पांच उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची घोषित कर दी। एनसीपी (शरदचंद्र) ने बारामती से सुप्रिया सुले को बरकरार रखा और अहमदनगर लोकसभा सीट से नीलेश लंके को मैदान में उतारा, जिन्होंने अजित पवार खेमे से पाला बदल लिया था।
शरद पवार खेमे की तरफ से घोषित पांच नामों में मौजूदा सांसद अमोल कोल्हे (शिरूर लोकसभा सीट), भास्कर भागरे (डिंडोरी लोकसभा सीट) और पूर्व कांग्रेस विधायक अमर काले (वर्धा लोकसभा सीट) शामिल हैं। भगरे डिंडोरी (एसटी) लोकसभा सीट पर केंद्रीय मंत्री और मौजूदा बीजेपी सांसद भारती पवार के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे।
पारनेर से मौजूदा विधायक लंके का मुकाबला अहमदनगर लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद सुजय विखे पाटिल से होगा। बारामती लोकसभा सीट में छह विधानसभा सीट शामिल हैं , जिनमें बारामती शहर, इंदापुर, दौंड, पुरंदर, भोर और खडकवासला हैं।









