
हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां प्रेमी-प्रेमिका के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। दोनों के शव अलग-अलग स्थानों पर फंदे से लटके मिले। घटना हरदोई के अरवल थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
युवक और युवती ने अलग-अलग जगहों पर पेड़ से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी
जानकारी के मुताबिक, युवक और युवती ने अलग-अलग जगहों पर पेड़ से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
मृतक युवक राजस्थान में मजदूरी करता था
बताया जा रहा है कि मृतक युवक राजस्थान में मजदूरी करता था। दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, आत्महत्या के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं गांव में भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









