प्रेमी के चक्कर में बहू ने दिया पूरे परिवार को जहर! फिर पकड़े जाने के डर से खुद भी खा ली दवा, पांचों अस्पताल में भर्ती

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। जिले के ललपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बजेहटा गांव में एक बहू ने अपने प्रेमी की चाहत में पूरे परिवार को खाने में जहरीला पदार्थ (नींद की दवा) मिलाकर दे दिया। इस घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक, बहू ने रात के खाने में जहरीला पदार्थ मिला दिया था, जिसे खाने के बाद परिवार के चार सदस्य अचेत होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों और पड़ोसियों की मानें तो बहू की योजना परिवार को बेहोश करके कोई गलत कदम उठाने या प्रेमी से मिलने की थी। हालांकि, जब पड़ोसियों को किसी बात की भनक लगी और मामला बिगड़ता दिखा, तो पकड़े जाने के डर से बहू ने खुद भी जहरीला पदार्थ खा लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से आनन-फानन में परिवार के पांचों सदस्यों को इलाज के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।

सूचना मिलने के बाद ललपुरा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और इस बात का पता लगाया जा रहा है कि यह दवा कहां से खरीदी गई थी और इसमें कौन-कौन शामिल है।

Related Articles

Back to top button