
अमेरिका के यूटा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक भारतीय युवक सोहेल को एक मॉल के अंदर बेरहमी से चाकू मार दिया गया। यह हमला न केवल हिंसक था, बल्कि इसके पीछे की वजह ने पूरे देश में हेट क्राइम को लेकर बहस छेड़ दी है।
क्या है मामला?
घटना वेस्ट वैली सिटी के वैली फेयर मॉल की है। सोहेल, जो वहां एक कियोस्क पर काम कर रहा था, अपने सामान्य दिन की तरह ड्यूटी पर था। चश्मदीदों के अनुसार, 48 वर्षीय पीटर माइकल लार्सन नामक हमलावर वहां पहुंचा और उसने सोहेल से पहले उसके मूल स्थान के बारे में पूछा और फिर यह जानना चाहा कि क्या वह मुसलमान है। जैसे ही सोहेल ने अपनी पहचान जाहिर की, हमलावर ने चाकू निकाला और उस पर ताबड़तोड़ 15 बार वार कर दिए।
नफरत से प्रेरित ‘टारगेटेड’ हमला
पुलिस रिकॉर्ड और कोर्ट के दस्तावेजों से स्पष्ट हुआ है कि यह एक सोची-समझी साजिश थी। हमलावर लार्सन ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि उसने सोहेल को केवल उसके धर्म की वजह से निशाना बनाया था। उसने अधिकारियों को बताया कि उसका “मुसलमानों को मारने का इरादा है।” पुलिस ने चेतावनी जारी की है कि आरोपी जनता की सुरक्षा के लिए बेहद खतरनाक है और उसकी विचारधारा कट्टरता से प्रेरित है।
अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा सोहेल
हमले में सोहेल को गंभीर चोटें आई हैं। चश्मदीदों ने बताया कि वहां मौजूद लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर हमलावर को काबू किया और सोहेल को बचाया। सोहेल के दोस्तों ने उसके इलाज के लिए ‘गोफंडमी’ (GoFundMe) पेज बनाया है, क्योंकि सोहेल अपने परिवार का अकेला कमाने वाला सदस्य है और उसके पास इंश्योरेंस नहीं है। वह अब कई सर्जरी से गुजर चुका है और उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
अमेरिका में बढ़ता इस्लामोफोबिया
यह घटना अमेरिका में मुस्लिम विरोधी हेट क्राइम के बढ़ते मामलों की एक और कड़ी है। विशेषज्ञों का मानना है कि एंटी-इमिग्रेशन बयानों और कट्टरपंथी समूहों की बढ़ती सक्रियता के कारण अल्पसंख्यकों पर हमले बढ़ रहे हैं। 2023 में इलिनोइस में एक मुस्लिम बच्चे की हत्या और हाल ही में सैन डिएगो की मस्जिद में हुई फायरिंग जैसी घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल, पीटर माइकल लार्सन को हत्या के प्रयास के आरोपों में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मानवता को शर्मसार करने वाली इस घटना ने फिर से दुनिया को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि नफरत की आग का अंत क्या होगा।









