इमरान खान की जेल में बदतर हालत पर UN की चिंता, पाकिस्तान से हिरासत की स्थिति सुधारने की मांग

डेस्क: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की जेल में कथित बदतर स्थिति को लेकर संयुक्त राष्ट्र ने चिंता जताई है। संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार विशेषज्ञ ने पाकिस्तान सरकार से इमरान खान की हिरासत की परिस्थितियों में तत्काल सुधार करने की मांग की है। UN स्पेशल रैपोर्टियर एलिस जिल एडवर्ड्स ने चेतावनी दी है कि इमरान खान के साथ जेल में किया जा रहा कथित व्यवहार यातना या अन्य क्रूर और अपमानजनक बर्ताव की श्रेणी में आ सकता है।

संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त कार्यालय (OHCHR) के मुताबिक, इमरान खान को 26 सितंबर 2023 को रावलपिंडी की अदियाला जेल में स्थानांतरित किया गया था। तब से उन्हें कथित तौर पर लंबे समय तक एकांत कारावास में रखा जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, उन्हें प्रतिदिन 23 घंटे तक सेल में बंद रखा जाता है और बाहरी दुनिया से संपर्क भी बेहद सीमित है। उनकी कोठरी पर लगातार कैमरों से निगरानी किए जाने की भी बात कही गई है।

एलिस जिल एडवर्ड्स ने कहा कि लंबे समय तक एकांत कारावास अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार कानूनों के खिलाफ है। उन्होंने इमरान खान को तत्काल एकांत कारावास से बाहर निकालने की मांग की है। UN विशेषज्ञ के मुताबिक, उन्हें खुले में व्यायाम करने, अन्य कैदियों से मिलने और सामूहिक नमाज में शामिल होने की भी अनुमति नहीं है।

OHCHR के अनुसार, उनकी कोठरी में पर्याप्त रोशनी और वेंटिलेशन की कमी की भी शिकायतें मिली हैं। खराब परिस्थितियों के कारण उन्हें मतली, उल्टी और वजन कम होने जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ने की खबरें हैं।

UN विशेषज्ञ ने इमरान खान को उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और उनके निजी डॉक्टरों को जांच की अनुमति देने की अपील की है। इससे पहले UN मानवाधिकार प्रमुख वोल्कर तुर्क ने भी इमरान खान की तत्काल रिहाई और उचित इलाज की मांग की थी।

Related Articles

Back to top button