
नई दिल्ली/कोलकाता। आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने वाले बंगाल के विकेटकीपर बल्लेबाज अभिषेक पोरेल पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा है। शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में दमदम पुलिस स्टेशन के इमामी सिटी थाने की पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई कलकत्ता हाई कोर्ट के आदेश के बाद की गई है, हालांकि पोरेल ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
क्या है पूरा मामला?
हुगली रुरल पुलिस के एसपी कुंवर भूषण सिंह के मुताबिक, जून महीने में एक छात्रा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि अभिषेक पोरेल ने उससे शादी का वादा करके शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि पोरेल ने बाद में शादी से इनकार कर दिया और उसके साथ मारपीट के साथ-साथ आपराधिक धमकियां भी दीं। छात्रा ने बताया कि वह और पोरेल पिछले तीन साल से रिलेशनशिप में थे, लेकिन पिछले साल दोनों के बीच मतभेद बढ़ने लगे, जिसके बाद क्रिकेटर ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी।
पोरेल ने सभी आरोपों से किया इनकार
पोरेल ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि यह सब झूठ है। वहीं, पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और कोर्ट के आदेश के बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई। बता दें कि पोरेल भारतीय क्रिकेट का जाना-पहचाना चेहरा हैं और इंडिया-ए टीम के साथ इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया का दौरा भी कर चुके हैं। उन्होंने 2021-22 में बंगाल के लिए फर्स्ट क्लास डेब्यू किया था और अब तक 32 फर्स्ट क्लास और 23 लिस्ट-ए मैच खेल चुके हैं।









