अदाणी ग्रुप का भारतीय खेलों के लिए बड़ा ऐलान… IOA के साथ रिन्यू की पार्टनरशिप… ओलंपिक और एशियन गेम्स पर टिकी नजरें…

अदाणी ग्रुप ने IOA के साथ प्रिंसिपल स्पॉन्सरशिप रिन्यू की। 2026 एशियन गेम्स में टीम इंडिया का रहेगा मुख्य पार्टनर।

भारतीय खेलों को एक और बड़ा प्रोत्साहन देते हुए अदाणी ग्रुप ने इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (IOA) के साथ अपनी प्रिंसिपल स्पॉन्सरशिप पार्टनरशिप को रिन्यू कर दिया है। इस नवीनीकरण के साथ ही ग्रुप ने जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले आगामी एशियन गेम्स में टीम इंडिया के साथ अपना जुड़ाव जारी रखने की घोषणा की है। इससे पहले यह पार्टनरशिप ग्लासगो 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान भी थी, जहाँ भारतीय दल ने 13 गोल्ड, 17 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज समेत कुल 39 मेडल जीतकर पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया था।

बता दें, यह महत्वपूर्ण रिन्यूअल ऐसे समय में सामने आया है जब भारत खेल जगत में मील के पत्थर हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। अहमदाबाद शहर साल 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी की तैयारी कर रहा है, और साथ ही देश 2036 में ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के अपने बड़े सपने को पूरा करने की दिशा में अग्रसर है। ऐसे में कॉरपोरेट स्तर पर मिला यह मजबूत समर्थन भारतीय एथलीटों के हौसले को और अधिक बुलंद करेगा।

अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड के डायरेक्टर प्रणव अदाणी ने इस मौके पर कहा कि भारतीय एथलीट ग्लोबल स्टेज पर देश का मान बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स की तैयारी कर रही टीम इंडिया के साथ साझेदारी को आगे बढ़ाते हुए उन्हें बेहद खुशी हो रही है। उन्होंने अपने ‘गर्व है’ पहल के जरिए देश की खेल प्रतिभाओं को लगातार समर्थन देने की प्रतिबद्धता दोहराई। वहीं, ओलिंपियन और IOA की अध्यक्ष डॉ. पीटी उषा ने भी अदाणी ग्रुप के इस निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे मजबूत समर्थन से एथलीटों को इंटरनेशनल मुकाबलों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में बहुत मदद मिलती है।

अदाणी स्पोर्ट्सलाइन के माध्यम से ग्रुप ने पिछले कुछ वर्षों में जमीनी स्तर (ग्रॉसरूट) पर खेल संस्कृति विकसित करने, एथलीटों को तराशने, और विश्व स्तरीय स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने में अहम भूमिका निभाई है। 29 नवंबर 2026 को होने वाली अदाणी अहमदाबाद मैराथन जैसे आयोजनों के जरिए फिटनेस को बढ़ावा देने के साथ-साथ, ग्रुप देश को एक ग्लोबल स्पोर्टिंग नेशन बनाने के विजन के साथ लगातार काम कर रहा है।

Related Articles

Back to top button