टीम इंडिया में फ्लॉप होने के बाद अभिषेक शर्मा का घरेलू क्रिकेट में कोहराम… 91 गेंदों पर जड़े 233 रन…पढ़े पूरी खब़र…

टीम इंडिया में फ्लॉप होने के बाद अभिषेक शर्मा ने पंजाब इंटर-डिस्ट्रिक्ट मैच में 91 गेंदों पर 233 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 25 छक्के शामिल हैं।

भारतीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खराब फॉर्म से जूझने के बाद घरेलू क्रिकेट में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से तबाही मचा दी है। पंजाब इंटर-डिस्ट्रिक्ट सीनियर मैच के दौरान अमृतसर की ओर से खेलते हुए अभिषेक ने तरन तारन के खिलाफ मैदान पर रनों की सुनामी ला दी। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने महज 91 गेंदों में 233 रनों की ऐतिहासिक पारी खेलकर हर किसी को हैरान कर दिया है।

पारी के आंकड़े और चौके-छक्कों की बरसात

अभिषेक शर्मा की इस तूफानी पारी में चौके-छक्कों की ऐसी आंधी चली कि गेंदबाज लाचार नजर आए। उन्होंने अपनी इस सनसनीखेज पारी के दौरान 15 शानदार चौके और 25 गगनचुंबी छक्के जड़े। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट हैरान करने वाला 256.04 रहा। सोशल मीडिया पर उनके इस स्कोरकार्ड और बल्लेबाजी की तस्वीरें जमकर वायरल हो रही हैं।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खराब दौर से गुजर रहे हैं अभिषेक

यह धमाकेदार पारी ऐसे समय में आई है जब अभिषेक शर्मा का बल्ला पिछले कुछ समय से अंतरराष्ट्रीय मैचों में खामोश रहा है। आईसीसी (ICC) टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में तीसरे नंबर पर काबिज रहने वाले अभिषेक जिम्बाब्वे दौरे पर तीन पारियों में मात्र 3.66 के औसत से सिर्फ 11 रन ही बना सके थे। इसके अलावा, इंग्लैंड और आयरलैंड के खिलाफ श्रृंखलाओं में भी उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था, जहां वे ऑफ स्टंप के बाहर शॉर्ट गेंदों और स्विंग के खिलाफ संघर्ष करते नजर आए थे।

T20 वर्ल्ड कप से पहले उनका औसत 37.05 और स्ट्राइक रेट लगभग 195 था, जो बाद में गिरकर चिंता का विषय बन गया था। हालांकि, घरेलू टूर्नामेंट में इस दोहरी शतकीय पारी से उन्होंने जोरदार वापसी के संकेत दे दिए हैं और चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।

Related Articles

Back to top button