CJP आंदोलन के बाद अभिजीत दीपके की शादी की चर्चा तेज, मां ने बताया कब होगी शादी

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में जंतर-मंतर पर करीब एक महीने तक चले विरोध प्रदर्शन के खत्म होने के बाद अब अभिजीत दीपके की निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। आंदोलन के बाद अभिजीत दीपके की पहचान एक युवा नेता के तौर पर बनी है और इसी बीच उनकी शादी को लेकर भी कई सवाल उठने लगे हैं।

अभिजीत दीपके की मां ने एक इंटरव्यू में बताया कि जंतर-मंतर आंदोलन की सफलता के बाद उनके बेटे के लिए शादी के कई प्रस्ताव आने लगे हैं। टीवी9 मराठी को दिए इंटरव्यू में जब उनसे पूछा गया कि अभिजीत की शादी कब होगी, तो उन्होंने कहा कि आंदोलन के बाद रिश्तों के लिए लगातार फोन आ रहे हैं।

उन्होंने कहा, “उसकी शादी के लिए बहुत सारे फोन आ रहे हैं। रिश्ते पहले भी आते थे, लेकिन अब बहुत ज्यादा आ रहे हैं। हालांकि शादी जब होनी होगी, तब देखी जाएगी। पहले उसे इन सब चीजों से बाहर आने दीजिए।”

बेटे को जीवनसाथी चुनने की आजादी देंगी मां

जब अभिजीत दीपके की मां से पूछा गया कि उन्हें कैसी बहू चाहिए, तो उन्होंने कहा कि पहले उनकी इच्छा थी कि बहू सीधी-सादी हो, लेकिन अब अभिजीत जिस मुकाम पर पहुंच चुका है, उसे अपने जीवनसाथी का फैसला खुद करने का अधिकार है।

उन्होंने कहा कि आज के समय में माता-पिता बच्चों पर अपनी पसंद नहीं थोपते, बल्कि उनके फैसलों का समर्थन करते हैं।

कौन हैं अभिजीत दीपके?

अभिजीत दीपके कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर और अध्यक्ष हैं। चीफ जस्टिस सूर्यकांत की एक टिप्पणी के बाद उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पेज शुरू किया था। इसके बाद उनका सोशल मीडिया अकाउंट तेजी से लोकप्रिय हुआ और उनके फॉलोअर्स की संख्या कई बड़े राजनीतिक दलों के सोशल मीडिया अकाउंट से भी ज्यादा हो गई।

इसके बाद उन्होंने NEET Paper Leak और छात्रों से जुड़े मुद्दों को उठाया। उन्होंने जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया, जिसमें देशभर से हजारों युवाओं और छात्रों ने हिस्सा लिया।

इस आंदोलन का चेहरा सोनम वांगचुक को बनाया गया था, जो 26 दिनों तक भूख हड़ताल पर रहे। बाद में दिल्ली पुलिस ने उन्हें वहां से हटाकर सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया था। इसके बाद दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश पर उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में शिफ्ट किया गया।

Related Articles

Back to top button