क्रिकेट से संन्यास के बाद नए रोल में दिखेंगे अजिंक्य रहाणे… श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में करेंगे कमेंट्री…

क्रिकेट से संन्यास लेने वाले अजिंक्य रहाणे अब श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में कमेंट्री करते नजर आएंगे। वे सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के लिए अपना डेब्यू करेंगे। पूरी खबर पढ़ें।

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे अब एक नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। हाल ही में अंतरराष्ट्रीय और सभी प्रकार के घरेलू क्रिकेट को अलविदा कहने वाले रहाणे जल्द ही भारत और श्रीलंका के बीच होने वाली आगामी टेस्ट सीरीज के दौरान एक बिल्कुल नए रोल में नजर आएंगे। वे मैदान पर खिलाड़ी के तौर पर नहीं, बल्कि क्रिकेट कमेंटेटर के रूप में अपनी आवाज का जादू बिखेरते दिखाई देंगे।

स्पोर्ट्स चैनल ने आधिकारिक तौर पर यह पुष्टि कर दी है कि अजिंक्य रहाणे श्रीलंका दौरे पर खेली जाने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के दौरान कमेंट्री बॉक्स में अपना डेब्यू करेंगे। सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से गॉल में खेला जाएगा। सोनी नेटवर्क इंडिया के चीफ रेवेन्यू ऑफिसर और बिजनेस हेड राजेश कौल ने इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि रहाणे अपने शांत स्वभाव और खेल की गहरी समझ के लिए जाने जाते हैं, जिससे दर्शकों को टेस्ट फॉर्मेट की बारीकियों को बेहद करीब से समझने का मौका मिलेगा।

अजिंक्य रहाणे के टेस्ट करियर की बात करें तो उन्होंने भारत के लिए 85 टेस्ट मैचों में 38.46 की औसत से 5,077 रन बनाए हैं, जिसमें 12 शानदार शतक और 26 अर्धशतक शामिल हैं। विदेशी पिचों पर हमेशा संकटमोचन की भूमिका निभाने वाले रहाणे के क्रिकेट के अनुभव का फायदा अब क्रिकेट प्रेमियों को ब्रॉडकास्टिंग के जरिए मिलने वाला है, जिसे लेकर उनके फैंस में काफी उत्सुकता है।

Related Articles

Back to top button