अम्बेडकरनगर की सबसे बुजुर्ग 118 साल की मतदाता रामरती का पंचायत वोटर लिस्ट से कटा नाम,आजादी के बाद से दे रही थीं वोट

अम्बेडकरनगर : उत्तर प्रदेश के अम्बेडकरनगर जिले से प्रशासनिक चूक का एक ऐसा अनोखा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। जनपद की सबसे बुजुर्ग महिला और लोकतंत्र के हर पर्व की गवाह रहीं 118 वर्षीय रामरती का नाम नई पंचायत मतदाता सूची से काट दिया गया है। आजादी के बाद से देश में हुए हर छोटे-बड़े चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करने वाली इस बुजुर्ग महिला का नाम वोटर लिस्ट से गायब होने के बाद अब पीड़ित परिवार ने नाम दोबारा जोड़ने के लिए प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है।

यह पूरा मामला अम्बेडकरनगर जिले के टांडा तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पैकोलिया का है। यहाँ की निवासी रामरती की उम्र 118 वर्ष है और वे पूरे जनपद की सबसे उम्रदराज मतदाता के रूप में जानी जाती हैं। लोकतंत्र के प्रति उनकी निष्ठा का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पिछले लोकसभा चुनाव में जिला प्रशासन ने उन्हें विशेष रूप से सम्मानित भी किया था, ताकि युवा मतदाता उनसे प्रेरणा ले सकें।

लेकिन, हाल ही में तैयार की गई नई पंचायत मतदाता सूची में जब उनके परिवार ने नाम चेक किया, तो रामरती का नाम गायब मिला। 118 साल की उम्र में भी वोट डालने का जज्बा रखने वाली रामरती इस बात से बेहद आहत हैं। उनके परिजनों ने तहसील प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मिलकर इस गंभीर मानवीय त्रुटि को सुधारने और मतदाता सूची में दोबारा नाम शामिल करने की पुरजोर गुहार लगाई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पर कितनी जल्दी संज्ञान लेता है।

Related Articles

Back to top button