
Desk : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में (आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत “हर घर तिरंगा” कार्यक्रम) की समीक्षा बैठक में सहभागिता की.
सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आजादी के अमृत महोत्सव को नए तरीके से मनाने का विजन दिया है. आजादी के अमृत महोत्सव श्रृंखला के क्रम में ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम देश के बच्चों, युवाओं सहित सभी नागरिकों के मन में देशभक्ति जागृत करने का विशिष्ट आयोजन है. ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम देश और जन-जन का कार्यक्रम है.
इस अवसर पर देश के 100 करोड़ से अधिक लोग अपने घर में तिरंगा फहराएंगे. यह कार्यक्रम दुनिया का अपने स्तर का पहला कार्यक्रम है, जिसमें देशवासी देश के झण्डे को फहराएंगे और भारत माता की सेवा में समर्पित होंगे. उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम की सफलता के लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे. इसके लिए केन्द्र सरकार द्वारा व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यमों का प्रयोग किया जा रहा है.
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि भारत सरकार द्वारा तिरंगे की उपलब्धता की पर्याप्त व्यवस्थाएं की गई हैं. ऑनलाइन प्लेटफॉर्म, पोस्ट ऑफिस इत्यादि से तिरंगे प्राप्त कर सकते हैं. राज्य सरकारों द्वारा जेम पोर्टल से तिरंगे की खरीद की जा रही है. उन्होंने कहा कि 22 जुलाई, 2022 से सरकारी वेबसाइटों पर इस कार्यक्रम के ‘लोगो’ एवं ‘स्लोगन’ प्रदर्शित किए जाएं. 11 से 14 अगस्त, 2022 तक स्कूलों में प्रभात फेरी के कार्यक्रम आयोजित किए जाएं. 13 अगस्त, 2022 को लोग अपने घर में झण्डा फहराकर अपनी फोटो पोर्टल पर अपलोड कर सकते हैं.
इस बैठक में सीएम योगी आदित्यनाथ भी जुड़े. जहां पर उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आजादी के अमृत महोत्सव के विजन को देश में उत्साह और उमंग के साथ पूरा किया जा रहा है.आगामी 11 से 17 अगस्त, 2022 तक ‘स्वतंत्रता सप्ताह’ का आयोजन किया जाएगा.









