UTU सेमेस्टर परीक्षा का पेपर लीक करने वाला सहायक प्रोफेसर गिरफ्तार… WhatsApp ग्रुप पर शेयर किए थे प्रश्न, पढ़े पूरी खब़र…

देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में UTU सेमेस्टर परीक्षा का पेपर लीक करने वाले शिवालिक कॉलेज के सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को पुलिस ने किया गिरफ्तार।

देहरादून: उत्तराखंड के देहरादून में नकल माफियाओं और परीक्षा की पवित्रता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ दून पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी दून के निर्देशन में कोतवाली प्रेमनगर पुलिस ने वीर माधव सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (UTU) की सेमेस्टर परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक करने वाले एक सहायक प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी प्रोफेसर ने परीक्षा से पहले ही व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से गोपनीय प्रश्न पत्र छात्रों तक पहुंचा दिए थे।

मामले का खुलासा करते हुए विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार पटेल ने कोतवाली प्रेमनगर में लिखित तहरीर दी थी। शिकायत में बताया गया कि 8 जुलाई 2026 को आयोजित परीक्षा के संबंध में एक ई-मेल मिला था, जिसके बाद विश्वविद्यालय स्तर पर आंतरिक जांच समिति का गठन किया गया। जांच में यह साबित हुआ कि शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा में तैनात सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता ने छात्रों को अनुचित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से परीक्षा की गोपनीयता भंग की थी और व्हाट्सएप के जरिए महत्वपूर्ण प्रश्न साझा किए थे, जो बाद में मुख्य प्रश्न पत्र से पूरी तरह मेल खाते पाए गए।

वादी की तहरीर पर प्रेमनगर थाने में संबंधित धाराओं (बीएनएस की धाराओं 316, 318(4), 61(2)) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता (मूल निवासी सहारनपुर, उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपी के पास से बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही है और इस पूरे रैकेट में शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button