
अयोध्या: छोटी दीपावली के अवसर पर रामनगरी अयोध्या भव्य दीपोत्सव के लिए पूरी तरह सजकर तैयार है। सरयू नदी के सभी 56 घाटों पर दीपों की आकर्षक सजावट की गई है। पूरी अयोध्या रोशनी से जगमगा उठी है। शहर में लगाई गई 3D स्क्रीन पर रामायण के प्रमुख प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया जा रहा है। दीपोत्सव के भव्य आयोजन में शामिल होने के लिए देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन अयोध्या पहुंच रहे हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस आयोजन में शामिल होंगे।
अयोध्या में बनेगा दीपोत्सव का नया रिकॉर्ड
इस बार दीपोत्सव पर अयोध्या में नया रिकॉर्ड बनाने की तैयारी है। राम की पैड़ी समेत सरयू नदी के 56 घाटों पर 30 लाख से अधिक दीये जलाए जाएंगे। इसके अलावा सरयू तट पर 2,100 बटुकों द्वारा महाआरती की जाएगी। वहीं, 2,100 ड्रोन की मदद से रामायण पर आधारित विशेष शो का आयोजन होगा। आकर्षक रोशनी और रामायण के प्रसंगों से सजी प्रभु श्रीराम की नगरी 10वें दीपोत्सव के भव्य आयोजन के लिए तैयार है।
सुरक्षा के लिहाज से 20 जोन और 53 सेक्टर में बंटी अयोध्या
दीपोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर पूरी अयोध्या को 20 जोन और 53 सेक्टर में बांटा गया है। आयोजन को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस, CRPF, PAC, बम स्क्वॉड और अग्निशमन विभाग की टीमों को मुस्तैद रखा गया है। प्रशासन की ओर से पूरे आयोजन पर नजर रखी जा रही है।
रामनगरी में दिखेगा भव्य दीपोत्सव का नजारा
दीपों की रोशनी, सरयू तट की महाआरती, 2,100 ड्रोन का शो और रामायण के जीवंत प्रसंग इस बार के दीपोत्सव को खास बनाएंगे। प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या एक बार फिर भव्य आयोजन के जरिए दीपों की रोशनी से जगमगाने के लिए तैयार है।









