बाराबंकी : कार का शीशा तोड़कर करोड़ों के जेवरात चोरी, रेस्टोरेंट की पार्किंग में हुई वारदात

बाराबंकी। नगर कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-अयोध्या हाईवे स्थित शंग्रीला फैमिली रेस्टोरेंट की पार्किंग से मंगलवार रात एक दुस्साहसिक चोरी की वारदात सामने आई है। बहराइच में एक शादी समारोह से लौट रहे परिवार की कार का शीशा तोड़कर चोरों ने करीब 1 करोड़ रुपये के जेवरात और 30 हजार रुपये की नगदी पर हाथ साफ कर दिया। इस बड़ी वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है।

पीड़ित इकराम खान मूल रूप से बाराबंकी के बदोसराय के निवासी हैं और वर्तमान में लखनऊ में रहते हैं। वे मंगलवार रात परिवार के साथ बहराइच में एक शादी समारोह से लौट रहे थे। रात करीब 9 बजे वे हाईवे किनारे स्थित शंग्रीला रेस्टोरेंट पर खाना खाने के लिए रुके। परिवार ने अपनी कार रेस्टोरेंट के ठीक सामने बनी पार्किंग में खड़ी की और सभी अंदर चले गए। करीब एक घंटे बाद जब वे वापस लौटे, तो कार की खिड़की का शीशा टूटा हुआ था और अंदर रखा करोड़ों के गहनों व नगदी से भरा बैग गायब था।

यह रेस्टोरेंट अपने वेज-नॉनवेज व्यंजनों के लिए काफी मशहूर है, जिसके कारण शाम होते ही यहाँ गाड़ियों की लंबी कतार लग जाती है। इतनी भीड़भाड़ के बावजूद चोरों ने इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया, जिससे रेस्टोरेंट की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पीड़ित इकराम खान ने बताया कि लखनऊ वाले घर पर कोई नहीं था, इसलिए सुरक्षा के लिहाज से वे अपना सारा सोना साथ ही ले आए थे। सोने वाले इसी बैग में 30 हजार रुपये की नगदी भी थी। उन्होंने आशंका जताई कि गाड़ी में महिलाओं के सवार होने की वजह से शायद चोरों को कीमती सामान होने की भनक लग गई थी।

घटना की सूचना रेस्टोरेंट कर्मचारियों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुँची पुलिस ने जाँच-पड़ताल की और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

Related Articles

Back to top button