सपा में शामिल हुए बसपा के बागी तो भड़के सतीश चंद्र मिश्रा, बोले- जो मायावती का न हुआ वो किसी का नहीं होगा

लखनऊ. बहुजन समाज पार्टी के मुखिया मायावती के निर्देश पर बसपा के प्रदेश कार्यालय पर पार्टी के महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा के नेतृत्व में प्रदेश के सभी जिलों से आये पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, युवा वर्ग एवं वित्तविहीन शिक्षकों की समीक्षा बैठक की गई। इस समीक्षा बैठक में नकुल दुबे, अरुण दिवेदी, ब्रिज किशोर सिंह (डिंपल),ऋषभ सिंह,आनंद सिंह,प्रशांत सिंह मौजूद रहे।

इस बैठक में बसपा महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा ने प्रदेश के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्तों को उनकी जिम्मेदारियां बताई तथा अपने अपने क्षेत्रों के हर एक परिवार में बसपा सुप्रीमो मायावती द्वारा किये गए कार्यों को जानकारी देने का दायित्व सौंपा। उन्होंने कहा कि बसपा में अनुशासनहीनता के कारण से निकाले हुए विधायक सपा में जाकर शमिल हो रहे हैं। सपा अपने पार्टी में गद्दारों को भरने का काम कर रही है। जो बसपा सुप्रीमो मायावती और बसपा पार्टी का नहीं हो सकता वो किसी पार्टी का नहीं होगा। ये लोग जनता के हित के लिए नहीं अपने स्वार्थ के लिए राजनीती करते हैं।

बसपा महासचिव ने कहा 2022 में उत्तर प्रदेश में फिर से बसपा अपनी बहुमत की सरकार बनाने जा रही है। जो भी पार्टियां चुनाव लड़ रही हैं वो सब बसपा से लड़ रही है। हमारा नक़ल करके बाकी पार्टियों ने भी प्रबुद्ध सम्मलेन शुरू किया लेकिन बसपा की लोकप्रियता देखकर उनका मनोबल चकना-चूर हो गया है। जनता ने इस बार बसपा को और बहन मायावती को जिताने का मन बना लिया है। हमारे वित्तविहीन संघ के कर्मचारी एवं शिक्षक भाई-बहन घर-घर जाकर पार्टी के लिए मेहनत कर रहे हैं और आप सबकी ये मेहनत रंग लाएगी। भाजपा ने जो अयोध्या और भगवान श्री राम के नाम पर जो चंदा बटोरा है वो सब ये अपनी रथ यात्रा और रैलियों में उपयोग करेंगे।

जब विधानसभा चुनाव करीब आ रहा है तब जनता को सिर्फ बेवकूफ बनाने के लिए पेट्रोल और डीजल के आसमान छूते दामों पर बैठक करने का नाटक करने लगे। बसपा पार्टी एक मिशन की पार्टी है और आप लोग बसपा की ताकत हैं। भाजपा से तो जनता इस कदर नाराज है कि उनको गांव में घुसने नहीं दिया जा रहा है। जनता सपा और भाजपा का अपराधराज भूली नहीं है। किस तरह इनकी सरकारों में हत्याएं, महिलाओं के साथ अत्याचार, भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी, माफियागिरी, जमीन कब्ज़ा, बेरोजगारी किसानों के ऊपर अत्याचार हुआ है वो सब हमेशा याद रहेगा। सिर्फ दो महीने और हैं जितना अत्याचार करना है कर लें उसके बाद बसपा सरकार में फिर से प्रदेश का खुशहाल माहौल बन जायेगा।

Related Articles

Back to top button