
प्रयागराज। संगमनगरी प्रयागराज के गंगानगर जोन स्थित हंडिया थाना क्षेत्र का लाला बाजार उस वक्त अखाड़ा बन गया, जब एक प्रेमी जोड़ा भरे बाजार में एक-दूसरे का हाथ थामे घूम रहा था। इसी दौरान अचानक लड़की के परिजनों की नजर उन दोनों पर पड़ गई। परिजनों को देखते ही बाजार का माहौल गरमा गया। परिजनों ने फौरन युवती के पास पहुंचकर उसे प्रेमी से दूर होने और घर चलने को कहा।
लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। युवती ने प्रेमी का साथ छोड़ने से साफ इनकार कर दिया और उसे कसकर जकड़ लिया। लड़की के परिजनों ने दोनों को एक-दूसरे से अलग करने की बहुत कोशिश की, लेकिन युवती प्रेमी को छोड़ने का नाम नहीं ले रही थी। बीच सड़क पर दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस और हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
इस ड्रामे को देखने के लिए सड़क पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मौके पर पुलिस भी पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। काफी मशक्कत और जद्दोजहद के बाद परिजनों ने युवती को प्रेमी से छुड़ाया और जबरन बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गए। युवती बार-बार प्रेमी के साथ ही जाने की जिद करती रही।
बताया जा रहा है कि प्रेमी-प्रेमिका एक ही समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। दो दिन पुराने इस वाकये का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, इस मामले में अभी तक पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।









