सामंथा के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी, फिल्मों में वापसी का किया ऐलान

सामंथा ने अपनी बिगड़ती तबियत के चलते सिनेमा से 1 साल का ब्रेक लिया था। एक्ट्रेस ने अपनी हेल्थ के लिए फिल्मों से ब्रेक लिया था।

डिजिटल डेस्क: साउथ की फिल्मों में अपनी खूबसूरती से दर्शकों का दिल जीतने वाली सामंथा रुथ प्रभु को कौन नहीं जानता। अपनी खूबसूरती और अदाओं से सामंथा अक्सर अपने फैंस और दर्शकों के दिल-ओं-दिमाग पर छाई रहती हैं। हाल ही के कुछ समय से सामंथा ने अपनी हेल्थ को मद्देनजर रखते हुए सिनेमा से 1 साल का ब्रेक लिया था। मगर अब उनके फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। अदाकारा अपनी बीमारी को मात देकर कमबैक करने जा रही हैं। इस बात कि जानकारी खुद उन्होंने अपने सोशल मीडिया के जरिये सांझा किया है। इस खबर को पाते ही सामंथा के फैंस में ख़ुशी की लहर दौड़ गई है।

दरअसल, सामंथा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो शेयर करते हुए इस पूरे मामले पर जानकारी दी है। वीडियो में एक्ट्रेस अपनी वापसी को लेकर जानकारी देती हुई नजर आ रही हैं। उन्होंने कहा कि, “आखिरकार मैं काम पर वापसी करने जा रही हूं। पिछले 7 महीने से मैं बेरोजगार हो गई थी, मगर अब एक दोस्त के साथ कुछ मजेदार करने जा रही हूं। यह एक हेल्थ पॉडकास्ट है। यह कुछ ऐसा है, जो मुझे सच में बहुत पसंद है। ये अगले हफ्ते रिलीज होगा।” अपने वीडियो में उन्होंने आगे कहा कि, “आप में से बहुत से लोगों को यह जरूरी लगेगा। क्योंकि ये आपके काम की चीज है और मुझे इसे बनाने में बहुत अच्छा लगा।”

सामंथा ने क्यों लिया था 1 साल का ब्रेक?

गौरतलब है कि सामंथा ने अपनी बिगड़ती तबियत के चलते सिनेमा से 1 साल का ब्रेक लिया था। जानकारी के मुताबिक, एक्ट्रेस ने अपनी हेल्थ पर ध्यान देने के लिए अपने सारे काम खत्म करके फिल्मों से ब्रेक लिया था। यहां तक कि उन्होंने उन प्रोड्यूसर को एडवांस पेमेंट तक लौटा दी थी, जिनके साथ वह काम करने वाली थीं। इसकी पीछे का कारण उनकी बीमारी है। वह 2022 में मायोसाइटिस नाम की दुर्लभ ऑटोइम्यून बीमारी से पीड़ित हो गईं थीं।

मायोसाइटिस नाम की बीमारी से थीं पीड़ित

सामंथा ने खुलासा करते हुए बीते साल बताया था कि वो ऑटो इम्यून स्थिति (मायोसाइटिस) नाम की बीमारी से जूझ रही हैं। इस बीमारी के कारण उनके मांसपेशियों में बहुत दर्द होता था। एक्ट्रेस ने बताया था कि उन्हें आंखों में बहुत जलन होती है। ये सूज भी आई थीं। बहुत ज्यादा कमजोरी भी रहती है। जिसके बाद उन्होंने फिल्मों से दूर होने का यह बड़ा फैसला लिया था।

Related Articles

Back to top button