
डेस्क : रोहित शर्मा और विराट कोहली के 2027 वनडे वर्ल्ड कप में खेलने को लेकर क्रिकेट जगत में चर्चा लगातार जारी है। दोनों दिग्गज फिलहाल वनडे क्रिकेट में सक्रिय हैं और हाल ही में उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। ऐसे में अगले साल होने वाले विश्व कप तक दोनों के भविष्य पर नजर बनी हुई है।
बता दे कि इसी बीच भारत के पूर्व चीफ सेलेक्टर और पूर्व ऑलराउंडर Sandeep Patil ने दोनों खिलाड़ियों के भविष्य को लेकर अपनी राय रखी है। मीडिया से बातचीत में पाटिल ने कहा कि रोहित और विराट का आगे खेलना कई चीजों पर निर्भर करेगा। इसमें दोनों खिलाड़ियों की अपनी इच्छा, फिटनेस और चयनकर्ताओं की भविष्य की रणनीति अहम होगी।
बेंच स्ट्रेंथ को लेकर क्या बोले पाटिल ?
संदीप पाटिल के मुताबिक भारतीय क्रिकेट के पास इस समय ऐसी बेंच स्ट्रेंथ मौजूद है, जो भविष्य में बड़े खिलाड़ियों की जगह भरने की क्षमता रखती है। उन्होंने कहा कि अगर रोहित शर्मा और विराट कोहली टीम का हिस्सा नहीं भी होते हैं तो भारतीय टीम के सामने बड़ी समस्या पैदा नहीं होगी।
हालांकि पाटिल ने दोनों दिग्गजों के योगदान को भी पूरी तरह स्वीकार किया। उन्होंने रोहित और विराट को लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट की सेवा करने वाले महान खिलाड़ियों में शामिल बताया। खास तौर पर रोहित के सफेद गेंद के क्रिकेट में योगदान और विराट के करियर की उपलब्धियों की उन्होंने सराहना की।
वर्ल्ड कप से पहले बढ़ी दिलचस्पी
2027 वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए टीम इंडिया में अनुभवी खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं के बीच संतुलन को लेकर चर्चा तेज है। टीम मैनेजमेंट की ओर से भी बेंच स्ट्रेंथ को परखने की खबरें सामने आती रही हैं। ऐसे में रोहित और विराट का भविष्य केवल उनकी व्यक्तिगत इच्छा से नहीं, बल्कि फिटनेस, प्रदर्शन और चयनकर्ताओं की योजना से भी जुड़ा रहेगा।
फिलहाल दोनों दिग्गजों के पास वनडे क्रिकेट में अपनी जगह साबित करने का मौका है। वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी सीरीज में उनके प्रदर्शन पर भी क्रिकेट फैंस की नजर रहेगी।









