
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के रहीमाबाद इलाके से एक सनसनीखेज हत्याकांड का मामला सामने आया है, जिसने सबको झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने अंधेकत्ल का खुलासा करते हुए अंजलि सिंह नाम की महिला की हत्या के आरोप में उसके पति और उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पत्नी द्वारा अवैध प्रेम संबंधों का विरोध किए जाने पर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पति उमेन्द्र प्रताप ने अपनी प्रेमिका आरती वर्मा के साथ मिलकर अंजलि का मुंह और गला दबाकर निर्मम हत्या कर दी थी और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को गोमती नदी में फेंक दिया था। पुलिस को गुमराह करने के लिए शातिर पति ने खुद ही थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी, ताकि किसी को उस पर शक न हो।
हालांकि, रहीमाबाद पुलिस ने सर्विलांस और मोबाइल लोकेशन की मदद से इस पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ के बाद आरोपी पति उमेन्द्र प्रताप और उसकी प्रेमिका आरती वर्मा को दबोच लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने 32 जेवर, दो मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद कर ली है।









