IPL में बुमराह-कमिंस की कुटाई, अब टीम इंडिया में वैभव सूर्यवंशी की एंट्री; सचिन का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका

15 साल के बिहार के इस सनसनीखेज बल्लेबाज ने IPL-2026 में 776 रन बनाकर जीती ऑरेंज कैप, अब श्रेयस अय्यर की कप्तानी में आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे और एशियन गेम्स के लिए मिली जगह; डेब्यू करते ही टूट सकता है सबसे युवा खिलाड़ी का वर्ल्ड रिकॉर्ड

मुंबई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शनिवार को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के साथ-साथ एशियन गेम्स के लिए भारतीय टी20 टीम का ऐलान कर दिया। इस टीम में वह नाम शामिल है जिसकी चर्चा पिछले कई हफ्तों से क्रिकेट जगत में जोरों पर थी। 15 वर्षीय विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का टीम इंडिया में खेलने का सपना सच हो गया है। चयनकर्ताओं ने उनकी धमाकेदार फॉर्म को देखते हुए उन्हें सीनियर टीम में जगह देने का बड़ा और साहसिक फैसला लिया है।

IPL में हर बड़े गेंदबाज की जमकर कुटाई

वैभव का टीम इंडिया तक का सफर कोई यूँ ही नहीं हुआ। पिछले साल आईपीएल डेब्यू करने वाले वैभव ने सात मैचों में 252 रन बनाकर अपनी प्रतिभा की झलक दिखाई थी, लेकिन आईपीएल-2026 में तो उन्होंने विस्फोटक बल्लेबाजी की सारी हदें पार कर दीं। उन्होंने 14 मैचों में 237.31 की तूफानी स्ट्राइक रेट से कुल 776 रन ठोके और इस सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बनकर ऑरेंज कैप अपने नाम की। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और पाँच अर्धशतक निकले। खास बात यह रही कि वैभव ने जसप्रीत बुमराह, जोश हेजलवुड और पैट कमिंस जैसे दुनिया के दिग्गज गेंदबाजों की भी जमकर धुनाई की और किसी को नहीं बख्शा।

डेब्यू करते ही सचिन का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका

वैभव को श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम में शामिल किया गया है। अय्यर को सूर्यकुमार यादव की जगह टीम की कमान सौंपी गई है। अब देखना यह होगा कि कप्तान उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका देते हैं या नहीं, क्योंकि टीम के पास अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन जैसे अनुभवी ओपनर पहले से मौजूद हैं। अगर वैभव को डेब्यू का मौका मिलता है तो वह महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का 1989 में बनाया गया सबसे कम उम्र में भारत के लिए खेलने का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। सचिन ने 16 साल और 205 दिन की उम्र में डेब्यू किया था, जबकि वैभव अभी महज 15 साल के हैं। क्रिकेट जगत की निगाहें अब 26 जून से शुरू हो रहे आयरलैंड दौरे पर टिकी हैं।

Related Articles

Back to top button