
लखनऊ के आयकर भवन में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने का मामला सामने आया हैं। आयकर निरीक्षक के फर्जी भर्ती मामले में हजरतगंज पुलिस ने आयकर विभाग में तैनात प्रशासनिक अधिकारी एसके श्रीवास्तव को उसके जानकीपुरम सेक्टर-एच आवास से गिरफ्तार किया हैं। जिसके बाद देर शाम आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी के खिलाफ सीबीआई भी जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, इसी प्रशासनिक अधिकारी की शह पर आयकर मुख्यालय के कमरा नंबर 329 से फर्जीवाड़े का खेल खेला जाता था। इस खेल में मास्टरमाइंड प्रियंका मिश्रा इसकी काफी करीबी बताई जाती है। इस बात की पुष्टि तब हुई जब दो महीने की कॉल डिटेल को निकाल कर देखा गया। जिसके बाद सामने आया कि एसके श्रीवास्तव व प्रियंका के बीच 50 बार बात हुई। जो कि दो से 12 मिनट तक की थी। इसके साथ ही दोनों के बीच बैंक खातों में लेनदेन की भी पुष्टि की गई है।
प्रशासनिक अधिकारी ने ही प्रियंका को दिलाया था मुख्यालय में प्रवेश
पुलिस की जांच में सामने आया है कि पिकप भवन में तैनात प्रशासनिक अधिकारी ने ही प्रियंका को मुख्यालय में प्रवेश दिलाया था। मुख्य आरोपी प्रियंका मिश्रा ने आयकर निरीक्षक बनाने के नाम पर 100-125 लोगों को शिकार बना चुकी है। यह बात उसने कुबूली भी थी। उसके गिरोह का नेटवर्क लखनऊ से दिल्ली तक फैला है।