
भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने अपने साथ खेल चुके खिलाड़ियों की ऑल-टाइम टेस्ट प्लेइंग-11 चुनकर क्रिकेट प्रेमियों को चौंका दिया है। ईएसपीएन क्रिकइन्फो पर बातचीत के दौरान पुजारा ने अपनी इस खास टीम का ऐलान किया। सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाली बात यह रही कि उन्होंने एमएस धोनी, रोहित शर्मा और अजिंक्य रहाणे जैसे बड़े नामों को प्लेइंग-11 से बाहर रखा है। 2010 में धोनी की कप्तानी में डेब्यू करने वाले पुजारा ने विकेटकीपर के तौर पर ऋषभ पंत पर भरोसा जताया है।
पुजारा ने अपनी टीम में ओपनिंग की जिम्मेदारी राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग को सौंपी है, जबकि खुद को नंबर 3 पर रखा है। मध्यक्रम में मास्टर-ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर (नंबर 4), विराट कोहली (नंबर 5) और वीवीएस लक्ष्मण (नंबर 6) को शामिल किया है। वहीं, स्पिन और ऑलराउंडर विभाग की कमान रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन के हाथों में दी गई है।
तेज गेंदबाजी आक्रमण के लिए पुजारा ने जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी को चुना है। इसके अलावा परिस्थितियों के अनुसार बदलाव के लिए 12वें और 13वें खिलाड़ी के तौर पर ईशांत शर्मा और हार्दिक पांड्या को टीम में जगह दी गई है। रोहित शर्मा और धोनी जैसे कप्तानों को न चुने जाने के फैसले की क्रिकेट जगत में जमकर चर्चा हो रही है।
चेतेश्वर पुजारा की टीममेट्स प्लेइंग-11
राहुल द्रविड़, वीरेंद्र सहवाग, चेतेश्वर पुजारा, सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, वीवीएस लक्ष्मण, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी। ईशांत शर्मा, हार्दिक पांड्या (12वें और 13वें खिलाड़ी)।









