
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की सियासत में अपनी जड़ें मजबूत करने की कोशिश में जुटे लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान को अपने ही घर में बड़ा सियासी झटका लगा है। विडंबना देखिए कि जिस वक्त चिराग पासवान खुद उत्तर प्रदेश के रायबरेली में पार्टी का स्थापना दिवस मनाकर कार्यकर्ताओं में जोश भर रहे थे, ठीक उसी समय उनके संगठन की नींव दरकती हुई नजर आई। एक तरफ मंच से संगठन की मजबूती के दावे किए जा रहे थे, तो दूसरी तरफ पार्टी के तीन प्रमुख जिलों के पदाधिकारियों ने साथ छोड़कर सबको चौंका दिया।
रायबरेली, बस्ती और कौशाम्बी के जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों समेत कई अहम पदाधिकारियों ने लोजपा (रामविलास) से इस्तीफा देकर अपनी राहें अलग कर लीं। इन सभी नाराज नेताओं ने कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के आवास पर पहुंचकर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली। सियासी गलियारों में इस घटनाक्रम की चर्चा इसलिए भी ज्यादा है, क्योंकि चिराग पासवान ने उत्तर प्रदेश की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का बड़ा ऐलान किया था। लेकिन चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी से पहले ही संगठन का इस तरह बिखरना पार्टी की रणनीति पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जिस जिले में राष्ट्रीय अध्यक्ष खुद मौजूद हों, अगर वहीं का जिलाध्यक्ष पार्टी छोड़ दे, तो यह संगठन के भीतर चल रही गहरी नाराजगी और संवादहीनता को दर्शाता है। इस टूट ने न केवल यूपी में लोजपा के विस्तार अभियान की रफ्तार थाम दी है, बल्कि ओम प्रकाश राजभर के सियासी कद को भी नई ताकत दे दी है।









