
मोगा। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शनिवार को मोगा जिले में 120 बिस्तरों वाले आधुनिक ‘कैपिटल अस्पताल’ का उद्घाटन किया। यह मालवा इलाके का पहला ऐसा अस्पताल है जिसे नेशनल एक्रिडेशन बोर्ड फॉर हॉस्पिटल्स (NABH) की मान्यता हासिल है।

इस मौके पर सीएम मान ने कहा कि अब स्थानीय लोगों को बड़ी-बड़ी बीमारियों के इलाज के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

अस्पताल में क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी?
इस अस्पताल में 10 बिस्तरों वाली इमरजेंसी यूनिट चौबीसों घंटे काम करेगी। मरीजों के लिए अत्याधुनिक जांच की सुविधाएं जैसे अल्ट्रासाउंड, डिजिटल एक्स-रे, ईसीजी, 2डी इको, ट्रेडमिल टेस्ट, 128-स्लाइस सीटी स्कैन और एमआरआई भी उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा डायलिसिस की भी पूरी व्यवस्था है।

जनरल सर्जरी, हृदय रोग, न्यूरोलॉजी, किडनी रोग, यूरोलॉजी, पेट रोग और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम तैनात रहेगी। सीएम ने बताया कि जल्द ही बच्चों के रोग और स्त्री रोग विभाग भी शुरू कर दिए जाएंगे।
मुफ्त इलाज की सुविधा
मुख्यमंत्री ने बताया कि पात्र मरीज ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ और ‘आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना’ के तहत इस अस्पताल में बिना किसी खर्च के अपना इलाज करा सकेंगे। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार राज्यभर में 1,090 आम आदमी क्लीनिकों का जाल बिछा चुकी है, ताकि हर नागरिक तक सस्ती और अच्छी स्वास्थ्य सेवा पहुंचाई जा सके।
शिक्षा और स्वास्थ्य पर बोले सीएम
इस मौके पर अपने संबोधन में सीएम मान ने कहा कि यह कोई चुनावी सभा नहीं, बल्कि पूरे पंजाब में विकास को गति देने की उनकी सरकार की लगातार कोशिशों का एक हिस्सा है। उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य को अपनी सरकार की दो सबसे बड़ी प्राथमिकताएं बताया।

उन्होंने दावा किया कि 2022 में जब उनकी सरकार बनी थी, तब स्कूली शिक्षा के मामले में पंजाब देश में 27वें नंबर पर था, जो अब सुधरकर पहले स्थान पर आ गया है। सरकारी स्कूलों से नीट परीक्षा पास करने वाले बच्चों की संख्या भी 82 से बढ़कर 881 हो गई है।
सड़क सुरक्षा फोर्स और लिवर ट्रांसप्लांट की चर्चा
मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की बाकी उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि राज्य में सड़क हादसों को कम करने के लिए देश की पहली ‘सड़क सुरक्षा फोर्स’ बनाई गई, जिसने अब तक सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को लगभग आधा कर दिया है। इसके अलावा मोहाली में लिवर ट्रांसप्लांट सेंटर की शुरुआत हो चुकी है, जिससे पंजाब दिल्ली के बाद दूसरा ऐसा राज्य बन गया है जहां यह सुविधा मौजूद है।









