
उत्तर प्रदेश के संभल जिले से बुनियादी शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐसी शानदार और गौरवान्वित करने वाली खबर सामने आई है, जिसने पूरे प्रदेश का मान देश भर में बढ़ा दिया है। असमोली ब्लॉक क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव इटायला माफी स्थित ‘पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय’ ने स्वच्छ एवं हरित विद्यालय राष्ट्रीय पुरस्कार 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में इस परिषदीय स्कूल ने उत्तर प्रदेश में पहला स्थान तथा राष्ट्रीय स्तर पर 12वीं रैंक प्राप्त कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
इन पैमानों पर स्कूल ने कान्वेंट संस्थाओं को पछाड़ा
विद्यालय के प्रधानाध्यापक कपिल मलिक ने बताया कि यह प्रतिष्ठित पुरस्कार भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग द्वारा प्रदान किया जाएगा। स्कूल ने इस पुरस्कार के लिए कई कड़े और आधुनिक पैमानों पर आवेदन किया था। इसमें स्कूल परिसर में स्वच्छता प्रबंधन, गीले और सूखे कचरे का सही निस्तारण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग (वर्षा जल संचयन), कंपोस्ट पिट (खाद गड्ढा), टॉयलेट और यूरिनल की आधुनिक साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल के लिए वाटर टैप और सबसे महत्वपूर्ण बच्चों में खाना खाने से पहले व बाद में हाथ धुलने की आदत आदि बिंदु शामिल थे। इन सभी मानकों पर स्कूल शत-प्रतिशत खरा उतरा है।
शिक्षकों के समर्पण और बच्चों की मेहनत का परिणाम
इस ऐतिहासिक उपलब्धि को विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के अटूट समर्पण, अभिभावकों के निरंतर सहयोग तथा विद्यालय परिवार की गुणवत्ता-उन्मुख कार्य संस्कृति का परिणाम माना जा रहा है। स्कूल ने न केवल बच्चों को किताबी ज्ञान दिया, बल्कि उनके व्यवहार में स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति व्यावहारिक बदलाव भी लाया है। परिसर में पौधारोपण और हरित वातावरण के विकास जैसी नवाचार आधारित गतिविधियों को नियमित रूप से चलाया जाता है। स्कूल की इस बड़ी कामयाबी पर जिले के शिक्षा विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए विद्यालय परिवार को बधाई दी है।









