CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका मुख्यधारा की राजनीति में रख सकते हैं कदम? भारत समाचार को दिए इंटरव्यू में किया बड़ा खुलासा

कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य वार्ताकार आशुतोष रांका आने वाले समय में मुख्यधारा की राजनीति में शामिल हो सकते हैं। ‘भारत समाचार’ के प्रधान संपादक ब्रजेश मिश्रा को दिए गए एक विस्तृत इंटरव्यू में आशुतोष रांका ने अपनी आगामी राजनीतिक योजनाओं और आंदोलन की रूपरेखा को लेकर कई बड़े खुलासे किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब कॉकरोच जनता पार्टी सिर्फ ऑनलाइन हंसी-मजाक का माध्यम नहीं रह जाएगी, बल्कि यह व्यवस्था परिवर्तन की एक बेहद गंभीर और मजबूत पहल का माध्यम बनेगी।

युवाओं के आंदोलन को बताया ऐतिहासिक जीत

भारत समाचार पर खुलकर बात करते हुए आशुतोष रांका ने कहा कि यह देश के करोड़ों युवाओं की ऐतिहासिक जीत है। देश भर के युवा स्वतःस्फूर्त तरीके से संगठित हुए और इस बड़े आंदोलन से जुड़े, क्योंकि इससे उनके भविष्य का सीधा सवाल जुड़ा हुआ था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हमारे पास खोने के लिए कुछ नहीं था, जबकि सरकार ने इस आंदोलन को कुचलने और दबाने की पूरी कोशिश की। इस दौरान पार्टी के कई वॉलेन्टियर्स के साथ मारपीट भी की गई और दिल्ली पुलिस द्वारा काफी परेशान किया गया, यहां तक कि उनके ट्विटर अकाउंट पर भी प्रतिबंध लगाया गया था, जो बाद में हटा।

कानूनी लड़ाई और भविष्य की रणनीति

20 जुलाई को हुए प्रदर्शन और युवाओं पर हुए बर्बर लाठीचार्ज का जिक्र करते हुए रांका ने कहा कि उस दिन की बर्बरता को बयां करने के लिए उनके पास शब्द नहीं हैं। उन्होंने ऐलान किया कि पार्टी ने एक बेहद मजबूत लीगल टीम बनाई है और प्रदर्शन के दौरान ज्यादती करने वाले दोषी पुलिसकर्मियों को कोर्ट में घसीटा जाएगा। पहले सरकार सुनने को तैयार नहीं थी, लेकिन अंततः उन्हें सही समय पर फैसला लेना पड़ा।

आशुतोष रांका ने आगे कहा कि वे भविष्य में युवाओं को और अधिक संगठित करना चाहेंगे और उनका मुख्य फोकस देश की शिक्षा व्यवस्था को सुधारने पर होगा। उन्होंने माना कि मौजूदा राजनीति युवाओं के मुख्य मुद्दे उठाने में पूरी तरह फेल साबित हुई है। सरकार को जवाबदेह बनाना और जनता का जागरूक होना लोकतंत्र का सबसे बड़ा हिस्सा है। सोनम सर और CJP ने मिलकर युवाओं को जगाने का अहम काम किया है, और अब पार्टी खुद को पूरी तरह से और अधिक व्यवस्थित व संगठित रूप में आगे बढ़ाएगी।

Related Articles

Back to top button