
यूके टूर पर भारतीय क्रिकेट टीम के लगातार तीन मुकाबले पूरे हो चुके हैं, लेकिन 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को अभी तक प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया है। टीम मैनेजमेंट का कहना है कि वे अभी अपने मौजूदा ओपनिंग खिलाड़ियों को ही प्राथमिकता देना चाहते हैं और वैभव को सही समय का इंतजार करना होगा। लेकिन आईपीएल में अपने तूफानी बल्लेबाजी से सुर्खियां बटोरने वाले इस युवा खिलाड़ी को टीम में न देख फैंस और दिग्गज खिलाड़ी भी हैरान हैं।
लगातार खराब फॉर्म से जूझ रहे संजू सैमसन ने यूके टूर पर तीन पारियों में महज 6 रन बनाए हैं, जिसके बाद से वैभव को टीम में शामिल करने की मांग और तेज हो गई है। दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने इस डिबेट में एंट्री करते हुए कहा कि सैमसन अपनी निरंतरता बनाए रखने में नाकाम रहे हैं, ऐसे में वैभव सूर्यवंशी एक मौका तो जरूर डिजर्व करते हैं।
अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए डिविलियर्स ने भारतीय टीम के सहायक कोच रायन टेन डोएशे की रणनीति पर सवाल उठाए। डिविलियर्स ने कहा, “उसको कब खुला छोड़ा जाएगा? मुझे लगा था कि आयरलैंड सीरीज उनके डेब्यू के लिए सबसे सही अवसर था। वैभव का आईपीएल सीजन जैसा धमाकेदार रहा, उसके बाद उन्हें बड़ी चुनौती के लिए तैयार करने का सही समय आ गया था।”









