
अयोध्या के भव्य राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस संवेदनशील मुद्दे पर आक्रोश व्यक्त करते हुए भाटपाररानी (अलावलपुर) निवासी युवक आदित्य मिश्र ने एक अनोखा और भावुक कदम उठाया है। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने खून से एक पत्र लिखकर इस मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
आदित्य मिश्र का मानना है कि राम मंदिर करोड़ों सनातनियों की आस्था का केंद्र है और वहां हुई चोरी की घटना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने पत्र में लिखा है कि ऐसे पावन स्थल पर हुई वारदात से न केवल भक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं, बल्कि मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। युवक ने केंद्र सरकार से मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की जांच किसी सामान्य स्तर पर न कराकर एक उच्चस्तरीय एजेंसी से कराई जानी चाहिए, ताकि दोषियों के चेहरों को बेनकाब किया जा सके।
आदित्य ने चेताया है कि यदि मामले में पारदर्शी जांच नहीं हुई, तो जन आक्रोश और बढ़ सकता है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ ऐसी कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की अपील की है जो भविष्य के लिए मिसाल बने। पत्र के माध्यम से उन्होंने मंदिर की गरिमा और श्रद्धालुओं के अटूट भरोसे को बनाए रखने के लिए तत्काल सख्त कदम उठाने का आग्रह किया है।









