औरैया में मारपीट की शिकायत के बाद डॉक्टर सौरभ वाजपेयी ने नदी में कूदकर दी जान, फेसबुक लाइव में SHO पर लगाए थे आरोप

औरैया में डॉक्टर सौरभ वाजपेयी की आत्महत्या का मामला सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन पर सवाल खड़े हो गए हैं। डॉक्टर सौरभ ने आत्महत्या से पहले फेसबुक लाइव कर थाना प्रभारी (SHO) औरैया पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि अस्पताल के एक कर्मचारी ने उनके साथ मारपीट की, लेकिन शिकायत के बावजूद पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की।

डॉक्टर सौरभ एक निजी अस्पताल में थे तैनात

जानकारी के मुताबिक, डॉक्टर सौरभ एक निजी अस्पताल में तैनात थे। उन्होंने फेसबुक लाइव के दौरान अपनी परेशानी साझा की और आरोप लगाया कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। डॉक्टर ने यह भी आरोप लगाया था कि आरोपी के सजातीय होने के कारण SHO ने मामले में कार्रवाई करने से परहेज किया।

पुलिस मामले की जांच में जुटी

इसके बाद डॉक्टर सौरभ ने नदी में कूदकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। देर रात पुलिस ने डॉक्टर सौरभ का शव बरामद कर लिया। शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि अगर समय रहते शिकायत पर कार्रवाई की जाती तो डॉक्टर सौरभ को इतना बड़ा कदम नहीं उठाना पड़ता। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।

इस घटना के बाद डॉक्टर सौरभ के फेसबुक लाइव का वीडियो भी चर्चा में है, जिसमें उन्होंने अपनी पीड़ा और पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए थे। प्रशासन की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button