Duleep Trophy 2026: उप-कप्तानी मिलने के बाद भी फ्लॉप रहे वैभव सूर्यवंशी, डेब्यू पारी में बनाए सिर्फ 8 रन…

दलीप ट्रॉफी 2026 में वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू निराशाजनक रहा। ईस्ट जोन के उप-कप्तान बनाए गए वैभव नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए।

जिम्बाब्वे के खिलाफ हाल ही में खेली गई टी20 सीरीज में अपने तूफानी प्रदर्शन से धमाल मचाने वाले युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का घरेलू लाल गेंद के क्रिकेट में पदार्पण उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। बीसीसीआई के बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में खेली जा रही दलीप ट्रॉफी 2026 में वैभव को ईस्ट जोन की टीम का उप-कप्तान बनाया गया था, जिसकी कप्तानी विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन कर रहे हैं। हालांकि, टी20 फॉर्मेट में अपनी धमाकेदार पहचान बनाने वाले वैभव रेड-बॉल क्रिकेट के इस रोमांचक मुकाबले में अपने बल्ले का जादू बिखेरने में नाकामयाब रहे।

दलीप ट्रॉफी के इस मुकाबले में नॉर्थ ईस्ट जोन और ईस्ट जोन की टीमें आमने-सामने हैं। मैच के दौरान नॉर्थ ईस्ट जोन के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और ईस्ट जोन को बल्लेबाजी का न्योता दिया। पारी की शुरुआत करने आए अनुभवी बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन के साथ युवा वैभव सूर्यवंशी क्रीज पर उतरे। टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने के इरादे से उतरे वैभव ने शुरुआत में तेजी दिखाई और महज़ 5 गेंदों पर 2 शानदार चौके जड़कर 8 रन बना डाले।

लेकिन, उनकी यह आक्रामक पारी ज्यादा देर टिक नहीं सकी और छठी गेंद पर वे तेज गेंदबाज बिषोरजीत कोंथौजम का शिकार बन गए। इस तरह दलीप ट्रॉफी के अपने पहले ही मुकाबले में वैभव 6 गेंदों पर 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। हालांकि यह उनका इस फॉर्मेट में डेब्यू था, लेकिन एक बड़ी पारी खेलने की उनकी उम्मीदें शुरुआती झटके के साथ ही टूट गईं।

गौरतलब है कि वैभव ने इसी साल इंग्लैंड के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था, जहां इंग्लिश परिस्थितियों में उन्हें संघर्ष करना पड़ा था। इसके बाद जिम्बाब्वे दौरे पर उन्होंने शानदार वापसी करते हुए पहले और तीसरे मैच में बेहतरीन अर्धशतक जड़े थे, जिसके चलते उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया था। जिम्बाब्वे दौरे की सफलता के बाद घरेलू सर्किट में वापसी करने वाले वैभव के लिए यह शुरुआत भले ही निराशाजनक रही हो, लेकिन आने वाले मुकाबलों में उनसे टीम को एक बड़ी पारी की उम्मीद होगी।

Related Articles

Back to top button