DUSU Election 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान शुरू, डेढ़ लाख छात्र करेंगे वोट

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव 2026 के लिए शुक्रवार को मतदान शुरू हो गया है। डीयू के आधिकारिक चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक, दिन की...

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव 2026 के लिए शुक्रवार को मतदान शुरू हो गया है। डीयू के आधिकारिक चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक, दिन की कक्षाओं के छात्रों के लिए मतदान सुबह 8:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक और सांध्य कॉलेजों के लिए दोपहर 3 बजे से शाम 7:30 बजे तक होगा।

कई दिनों से चुनाव प्रचार में जुटे उम्मीदवारों की किस्मत अब इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) में दर्ज होगी। मतदान के बाद EVM को सील कर केंद्रीय मतगणना केंद्र तक पहुंचाया जाएगा।

20 उम्मीदवार मैदान में

इस साल DUSU चुनाव में कुल 20 उम्मीदवार मैदान में हैं। अध्यक्ष पद के लिए सबसे ज्यादा 7 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। उपाध्यक्ष पद पर 5, जबकि सचिव और संयुक्त सचिव पद पर 4-4 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

चुनाव में करीब डेढ़ लाख छात्रों के मतदान करने की उम्मीद है। DUSU और कॉलेज यूनियन चुनाव के लिए EVM के साथ केंद्रीय प्रोसेसिंग यूनिट का इस्तेमाल किया जाएगा। वहीं कुछ कॉलेजों में बैलेट पेपर के जरिए भी मतदान कराया जाएगा।

शनिवार को होगी मतगणना

मतदान समाप्त होने के बाद सभी EVM को सील कर दिया जाएगा। इसके बाद शनिवार सुबह 8:30 बजे से मतगणना शुरू होगी और दोपहर तक चुनाव परिणाम घोषित किए जाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

दिल्ली पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी

DUSU चुनाव को देखते हुए दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के आसपास ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका है। वसंत गांव रेड लाइट से RTR टी-पॉइंट तक RTR मार्ग और मोती बाग से धौला कुआं तक रिंग रोड प्रभावित मार्गों में शामिल हैं।

यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए अतिरिक्त ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती की गई है। यात्रियों को यात्रा की पहले से योजना बनाने और अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी गई है। मौके पर मौजूद यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 1095 है।

कॉलेज आईडी के बिना मतदान केंद्र पर प्रवेश नहीं

मतदान के लिए छात्रों को कॉलेज की वैध आईडी दिखानी होगी। 9 सितंबर तक दाखिला लेने वाले छात्र आई कार्ड उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में फीस स्लिप और सरकारी पहचान पत्र दिखाकर मतदान कर सकेंगे।

दूसरे और तीसरे वर्ष के छात्रों को आई कार्ड या सरकारी पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। जिन छात्रों को कॉलेज या विभाग की ओर से आईडी कार्ड जारी नहीं किया गया है, उन्हें आधार कार्ड जैसे सरकारी पहचान पत्र और फीस रसीद के भौतिक सत्यापन के बाद प्रवेश दिया जाएगा।

हिंसा की घटनाओं के बाद सुरक्षा बढ़ाई गई

चुनाव प्रचार के अंतिम दिनों में कुछ स्थानों पर हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाओं के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। कॉलेज परिसरों और आसपास पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई है।

डीयू से जुड़े आधिकारिक अपडेट के मुताबिक, 2026-27 चुनाव को लेकर विश्वविद्यालय ने मतदान पात्रता, छात्रों के लिए निर्देश और अन्य चुनावी व्यवस्थाओं से संबंधित नोटिस भी जारी किए हैं।

Related Articles

Back to top button