सोनभद्र में लू के बाद अचानक बदला मौसम, आकाशीय बिजली की चपेट में आकर पांच लोग झुलसे, अस्पताल में चल रहा इलाज

सोनभद्र। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में मौसम विभाग लगातार लू को लेकर अलर्ट जारी कर रहा था, लेकिन शनिवार शाम अचानक मौसम ने करवट बदली और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान आसमान में जोरदार बिजली कड़कने लगी और अलग-अलग स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने से पांच लोग उसकी चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। आनन-फानन में सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, यह घटनाएं दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के विभिन्न गांवों और इलाकों में हुईं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मौसम अचानक खराब होने पर लोग सुरक्षित ठिकानों की तरफ भाग रहे थे, तभी बिजली गिरने से ये हादसे हुए। घटना की खबर मिलते ही परिजनों ने 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी, जिसके बाद सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी लाया गया। चिकित्सकों का कहना है कि फिलहाल सभी घायलों की हालत स्थिर है, लेकिन उन्हें निगरानी में रखा गया है।

गौरतलब है कि मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली गिरने को लेकर पहले से अलर्ट जारी कर रखा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे और ऊंचे स्थानों पर जाने से बचें।

Related Articles

Back to top button