
पूर्व भारतीय ऑलराउंडर और दिग्गज क्रिकेटर इरफान पठान ने हाल ही में सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग और फेक न्यूज को लेकर खुलकर बात की है। इरफान ने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि एक बार पड़ोसी देश (पाकिस्तान) की मीडिया में उनके बारे में एक पूरी तरह झूठी खबर चलाई गई थी, जिसमें दावा किया गया था कि पाकिस्तानी कप्तान और बल्लेबाज बाबर आजम ने उन्हें इंटरव्यू देने से साफ इनकार कर दिया है।
फोटोशॉप कर फैलाई गई थी फर्जी खबर
इरफान पठान ने बताया कि ट्रोलिंग और गलत बातें जोड़ना रोज की बात बन गई है। उन्होंने उस वाकये को याद करते हुए कहा कि किसी ने एक तस्वीर पर उनका चेहरा फोटोशॉप कर दिया था। असलियत में वह तस्वीर एक युवा बांग्लादेशी रिपोर्टर की थी, जो पहली बार ग्राउंड पर गया था और उसे इंटरव्यू देने से मना कर दिया गया था। लेकिन शरारती तत्वों ने उस रिपोर्टर के शरीर पर इरफान का चेहरा लगाकर यह झूठी अफवाह फैला दी कि बाबर आजम ने उनके बर्ताव के कारण इंटरव्यू देने से मना कर दिया है। इस फर्जी खबर को दस लाख से ज्यादा बार देखा गया था।
हर बात का जवाब देना नामुमकिन
ट्रोलिंग से निपटने के अपने तरीके के बारे में बात करते हुए पूर्व क्रिकेटर ने कहा कि वह ऐसी किसी भी चीज का जवाब नहीं देते हैं। यदि हर झूठी खबर या ट्रोलिंग का जवाब दिया जाए, तो इंसान अपनी जिंदगी कभी नहीं जी पाएगा। उन्होंने कहा कि हर दिन खिलाड़ियों के बारे में कोई न कोई झूठ बोला जाता है, इसलिए इन चीजों पर ध्यान देने के बजाय अपने काम पर फोकस करना चाहिए। गौरतलब है कि 2003 से 2012 के अपने शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर के दौरान इरफान पठान ने भारत के लिए कई ऐतिहासिक मैच जिताए हैं और अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से दुनिया भर में एक खास पहचान बनाई है।









