
मसूरी। उत्तराखंड के मसूरी में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार ज़िंदगियाँ छीन लीं। उत्तरकाशी से गाजियाबाद लौट रही एक सिलेरियो कार झड़ीपानी शॉर्टकट मार्ग पर अचानक अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो महिलाओं और दो पुरुषों की मौत हो गई। सभी गाजियाबाद के रहने वाले थे।
दुकान से सामान लिया, कार स्टार्ट की और फिर…
पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक, कार सवार चारों लोग रास्ते में झड़ीपानी के पास एक दुकान पर रुके और वहाँ से कुछ सामान खरीदा। इसके बाद जैसे ही उन्होंने गाड़ी स्टार्ट की, कार अनियंत्रित हो गई और सीधा खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना सुबह करीब सवा नौ बजे कंट्रोल रूम को मिली, जिसके बाद मसूरी थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ और 108 एंबुलेंस की टीमें तुरंत मौके पर पहुँच गईं।
घनी झाड़ियाँ और दुर्गम रास्ता बना रेस्क्यू में रुकावट
हादसे वाली जगह बेहद दुर्गम है और चारों तरफ घनी झाड़ियाँ हैं, जिसकी वजह से राहत टीम को बचाव कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। अब तक एक शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा चुका है, जबकि बाकी तीन शवों को निकालने का प्रयास जारी है। मृतकों की पहचान संगीता, सविता, मानिक और सत्य प्रकाश के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।









