सोने-चांदी में जून 2013 के बाद की सबसे बड़ी गिरावट, रिकॉर्ड स्तर से ₹72,000 सस्ता हुआ सोना, चांदी ₹2.75 लाख प्रति किलो लुढ़की

साल 2026 में सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिसे जून 2013 के बाद की सबसे बड़ी गिरावट माना जा रहा है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) के आंकड़ों के मुताबिक, वायदा बाजार में सोना अपने उच्चतम स्तर से करीब 72 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2.75 लाख रुपये प्रति किलो तक सस्ती हो चुकी है। मार्केट एनालिसिस प्लेटफॉर्म ‘द कोबेसी लेटर’ की रिपोर्ट के अनुसार, सोना अपने 200-दिन के मूविंग एवरेज से करीब 20 फीसदी नीचे कारोबार कर रहा है, जो जून 2013 के बाद सबसे बड़ा अंतर है। हालांकि बीते कुछ दिनों में कीमतों में हल्की रिकवरी दिखी है, लेकिन बाजार पर बिकवाली का दबाव अब भी बना हुआ है।

सोने की कीमतों में गिरावट के पीछे अमेरिकी फेडरल रिजर्व (US Fed) की सख्त मौद्रिक नीतियां और ऊंची महंगाई दर प्रमुख कारण हैं। अक्टूबर 2026 में फेड का पसंदीदा महंगाई पैमाना सालाना आधार पर 3.8 फीसदी पर पहुंच गया, जो तय 2 फीसदी के लक्ष्य से काफी ऊपर है। न्यूयॉर्क फेड अध्यक्ष जॉन विलियम्स और फेड चेयरमैन केविन वॉर्श ने महंगाई नियंत्रित करने को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है, जबकि 8-9 दिसंबर 2026 की बैठक में ब्याज दरों में कम से कम 0.25 फीसदी बढ़ोतरी के संकेत मिले हैं। ऊंची ब्याज दरों के कारण निवेशक बिना ब्याज वाले सोने के बजाय अमेरिकी बॉन्ड्स में पैसा लगा रहे हैं। इसके अलावा जनवरी 2026 के ऐतिहासिक उच्च स्तर के बाद बड़े फंड्स की मुनाफावसूली ने भी दबाव बढ़ाया।

वहीं, चांदी में सोने से ज्यादा गिरावट का कारण औद्योगिक और सोलर सेक्टर की मांग में कमी है। डॉयचे बैंक की रिपोर्ट के अनुसार, इस साल सोलर सेक्टर में चांदी की खपत में 20 फीसदी से अधिक और चीन की सोलर डिमांड में 33 फीसदी की गिरावट का अनुमान है, क्योंकि कंपनियां अब तांबे या कम चांदी वाली तकनीक अपना रही हैं।

Related Articles

Back to top button