
डेस्क : प्रयागराज में गंगा और यमुना नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। दोनों प्रमुख नदियों के बढ़ते जलस्तर ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
यमुना नदी का जलस्तर नैनी स्टेशन पर 80.69 मीटर पहुंच गया है। पिछले 24 घंटे के दौरान यमुना के जलस्तर में 37 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं, गंगा नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है।
24 घंटे में गंगा के जलस्तर में 38 सेंटीमीटर का उछाल आया
फाफामऊ में गंगा नदी का जलस्तर 81.11 मीटर दर्ज किया गया है। बीते 24 घंटे में गंगा के जलस्तर में 38 सेंटीमीटर का उछाल आया है। दोनों नदियों में लगातार हो रही वृद्धि से तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। प्रशासन की ओर से नदी किनारे बसे क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है। जलस्तर में बढ़ोतरी को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है।
निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया
गंगा और यमुना के जलस्तर में लगातार वृद्धि के कारण निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयारियों को मजबूत किया जा रहा है।









