‘क्रिकेट के भगवान से तारीफ मिलना…’ सचिन तेंदुलकर की तारीफ पर गदगद हुए वैभव सूर्यवंशी

आईपीएल 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से धमाल मचा रहे 15 वर्षीय युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी इन दिनों चर्चा का केंद्र ...

नई दिल्ली: आईपीएल 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से धमाल मचा रहे 15 वर्षीय युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी इन दिनों चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 29 गेंदों में 97 रनों की ऐतिहासिक पारी खेलने के बाद वैभव की हर तरफ वाहवाही हो रही है। इस पारी से प्रभावित होकर ‘क्रिकेट के भगवान’ सचिन तेंदुलकर ने भी उनकी जमकर तारीफ की है, जिसका जवाब देते हुए वैभव ने अपना आभार व्यक्त किया है।

सचिन तेंदुलकर ने की बैट स्विंग की तारीफ
वैभव की बल्लेबाजी कौशल को देखकर सचिन तेंदुलकर खुद को रोक नहीं पाए और सोशल मीडिया पर उनकी प्रशंसा करते हुए लिखा, “वैभव सूर्यवंशी का बैट स्विंग असाधारण है। इससे भी ज्यादा उल्लेखनीय बात यह है कि वह पैर वाली गेंदों पर फ्रंट फुट का इस्तेमाल कर शॉट के लिए कैसे जगह बनाता है। यह स्वतंत्रता उन्हें बेबाक अंदाज में खेलने की अनुमति देती है। यह पारी वाकई शानदार थी।”

वैभव की प्रतिक्रिया: ‘यह मेरे लिए बहुत बड़ी बात है’
सचिन तेंदुलकर की तारीफ पर प्रतिक्रिया देते हुए वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी एक वीडियो में कहा, “हर कोई जानता है कि वे (सचिन) क्रिकेट के भगवान हैं। उनके जैसे महान क्रिकेटर का ऐसी बात कहना हमारे लिए बहुत बड़ी बात और गर्व का क्षण है। यह मेरे लिए वाकई बहुत सम्मान की बात है।”

आईपीएल 2026 में वैभव का दमदार प्रदर्शन
गौरतलब है कि वैभव सूर्यवंशी इस सीजन में बेहतरीन फॉर्म में हैं और वर्तमान में ‘ऑरेंज कैप’ उन्हीं के सिर पर है। उन्होंने आईपीएल 2026 के 15 मैचों में अब तक 680 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और 4 अर्धशतक शामिल हैं। हैदराबाद के खिलाफ खेली गई उनकी 97 रनों की पारी में 5 चौके और 12 छक्के शामिल थे, जिसमें उन्होंने अकेले 92 रन सिर्फ बाउंड्री के जरिए बनाए थे। उनकी इसी ताबड़तोड़ पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स 243 रनों का विशाल स्कोर खड़ा करने में सफल रही थी।

Related Articles

Back to top button