
यूपी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता जोर-शोर से लगे हुए हैं। प्रदेश में आये दिन लगातार प्रधानमंत्री से लेकर तमाम भाजपा नेता रैलियों को सम्बोधित कर रहे हैं। इसी क्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज प्रदेश के पूर्वांचल क्षेत्र के गोरखपुर जनपद में मौजूद रहे हैं। इस दौरान उन्होंने बूथ अध्यक्षों के एक सम्मेलन को सम्बोधित किया। यहां उन्होंने प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव पर कई बड़ी बातें कहीं।
दरअसल, गोरखपुर में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बूथ अध्यक्षों के एक सम्मलेन को सम्बोधित किया। उन्होंने अपने सम्बोधन की शुरुआत गोरखपुर की धरती को नमन करते हुए किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी हैं जिसमें कार्यकर्ताओं का सम्मान होता है। ऐसा भाजपा में ही संभव है कि एक साधारण कार्यकर्ता जनसेवा के माध्यम से मुख्यमंत्री बन जाता है और मुझे जैसा छोटा कार्यकर्ता भाजपा का अध्यक्ष है।
उन्होंने आगे कहा कि योगी जी के नेतृत्व में उत्तर-प्रदेश को नई दिशा मिली है। प्रदेश निरंतर विकास के रस्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कोरोना काल का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने कोरोना में पूरी लगन और मेहनत से लोगों की सेवा की है। ये सम्मेलन किसी जाति या वर्ग विशेष का नहीं है। हम राष्ट्रवाद को लेकर चलने वाली पार्टी हैं और हमारे इस विचार और कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनसेवा की भावना से 2022 में भाजपा फिर से आ रही है।
एक तरफ जहां जेपी नड्डा के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश भाजपा के दूसरे बड़े नेता गोरखपुर में मौजूद रहे तो वहीं दूसरी तरफ यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या सोमवार को बहराइच में मौजूद रहे। मौर्या ने यहां देवी गुल्लावीर मंदिर में दर्शन व पूजन किया और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
उन्होंने अपने आधिकारिक कू अकाउंट पर लिखा,”बहराइच के सुप्रसिद्ध श्री देवी गुल्लावीर मंदिर में दर्शन व पूजन करने का परम सौभाग्य प्राप्त हुआ।”
उन्होंने अपने एक और कू फीड में लिखा,”जनपद बहराइच के निरीक्षण भवन में कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया गया। सभी का आभार व अभिनंदन।”
अपने इस फीड में उन्होंने कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत की तस्वीरें लगाई हैं और उनका आभार प्रकट किया है।