
कारगिल दिवस को आज देश भर में शौर्य दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। कारगिल दिवस के मौके पर रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। देहरादून के गढ़ी कैंट में बने लाल गेट पर कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान आर्मी के कई अधिकारी भी मौजूद रहे।

उत्तराखंड से कारगिल युद्ध में 75 वीर जवानों ने अपनी शहादत दी थी। उसी शहादत को याद करके आज प्रदेश में हर किसी की आंखें नम है। आज नम आंखों से सभी कारगिल वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहें हैं। लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने कहा कि “जिन शहीदों ने कारगिल युद्ध में अपनी शहादत दी है, मैं उनको नमन करता हूं, और उनकी शहादत को सलाम करता हूं।”
राज्यपाल ने कहा कि मेरी सरकार प्रदेश के हर सैनिक के लिए बेहतर काम कर रही है। राज्यपाल ने सभी सैनिक और उनके आश्रित परिवारों को आश्वासन दिया कि यदि किसी भी सैनिक को या उसके परिवार को दिक्कत है, तो उसके लिए राजभवन के दरवाजे हमेशा खुले हैं। वह मुझे आकर अपनी समस्या बता सकते हैं। गुरमीत सिंह ने कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि है और यहां के हर परिवार से जवान सेना में जाकर देश सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड से भी कारगिल युद्ध में 75 जवानों ने अपनी शहादत दी थी, जिनको आज नम आंखों से याद किया जा रहा है और श्रद्धांजलि दी जा रही है।









