
डेस्क : अफगानिस्तान के खिलाफ शुरू होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज से पहले भारतीय क्रिकेट टीम की तैयारियों को लेकर एक अहम अपडेट सामने आया है। इसी बीच तेज गेंदबाज हर्षित राणा के सीरीज में खेलने पर संशय बना हुआ है। राणा को फिटनेस के आधार पर टीम में जगह दी गई थी, लेकिन उनकी हैमस्ट्रिंग चोट पूरी तरह ठीक नहीं होने के कारण उनके उपलब्ध रहने पर सवाल खड़े हो गए हैं।
बता दे कि हर्षित राणा के अलावा जसप्रीत बुमराह, नितीश कुमार रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर की फिटनेस पर भी नजर बनी हुई है। खास बात यह है कि ये खिलाड़ी अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के साथ एशियन गेम्स 2026 के लिए चुनी गई टीम में भी शामिल हैं। ऐसे में टीम मैनेजमेंट खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहेगा।
हर्षित राणा की फिटनेस बनी चिंता
वही हर्षित राणा पिछले कुछ समय से चोट की समस्या से जूझ रहे हैं। इंग्लैंड दौरे के दौरान चोटिल होने के बाद उन्हें दौरे के बीच से भारत लौटना पड़ा था। इससे पहले भी चोट के चलते वह आईपीएल 2026 में हिस्सा नहीं ले पाए थे।
अब उनकी हैमस्ट्रिंग इंजरी की रिकवरी को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई सूत्र ने बताया कि राणा अभी चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं और उन्हें रिकवर होने के लिए कुछ और समय की जरूरत है। ऐसे में अफगानिस्तान के खिलाफ तीनों मुकाबलों में उनका खेलना मुश्किल माना जा रहा है।
बुमराह को लेकर राहत की खबर
टीम इंडिया के प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी इंग्लैंड दौरे के दौरान चोटिल हुए थे। हालांकि, उनकी फिटनेस को लेकर सामने आई जानकारी भारतीय टीम के लिए राहत देने वाली है।
रिपोर्ट के अनुसार बुमराह का रिकवरी प्रोसेस अच्छी दिशा में आगे बढ़ रहा है। वहीं वॉशिंगटन सुंदर को फिट घोषित किया जा चुका है। नितीश कुमार रेड्डी का रिहैब भी सही तरीके से चल रहा है। बुमराह और रेड्डी दोनों की फिटनेस पर लगातार नजर रखी जा रही है।
13 सितंबर से अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का आगाज 13 सितंबर से होगा। सीरीज के तीनों मुकाबले दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे। ससअफगानिस्तान सीरीज खत्म होने के बाद भारतीय टीम एशियन गेम्स 2026 की चुनौती के लिए रवाना होगी। एशियन गेम्स में टीम इंडिया को 28 सितंबर को अपना क्वार्टरफाइनल मुकाबला खेलना है।
वही ऐसे में आने वाले दिनों में खिलाड़ियों की फिटनेस टीम इंडिया के लिए सबसे अहम मुद्दों में से एक रहने वाली है। खासकर हर्षित राणा की उपलब्धता पर अंतिम फैसला उनकी रिकवरी और फिटनेस टेस्ट के आधार पर लिया जाएगा।









